सुइथाकला, जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र के शेखाही-सुइथाकला गांव में रविवार शाम मामूली विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इसमें दोनों पक्षों के 7 लोग घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुइथाकला पहुंचाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद कुछ घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार एक युवक दूसरे पक्ष के दरवाजे पर किसी से मोबाइल पर बात कर रहा था। आरोप है कि बातचीत के दौरान वह अपशब्दों का प्रयोग कर रहा था। इस पर दूसरे पक्ष के युवक ने आपत्ति जताई तो विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग जुट गए और उनके बीच मारपीट शुरू हो गई। मारपीट में एक पक्ष के शेखाही गांव निवासी विकास सिंह, उनके पुत्र एसबीर सिंह, अक्षय प्रताप सिंह तथा अमन सिंह पुत्र हरिश्चंद्र सिंह घायल हो गये।
वहीं दूसरे पक्ष के सुइथाकला गांव निवासी अंगद व छोटे लाल पुत्र रामसुभग तथा राम अधार पुत्र कुन्जू को भी चोटें आईं। सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुइथाकला ले जाया गया। चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को बेहतर उपचार के लिये जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इस सम्बन्ध में थानाध्यक्ष रामाश्रय राय ने बताया कि मामले में अभी तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार विधिक कार्यवाही की जायेगी।
.jpg)





