साइबर सेल एवं जीयनपुर पुलिस ने की संयुक्त कार्यवाही
अभियुक्त के कब्जे से 2 मोबाइल एवं 2210 नकद बरामद
देवी प्रसाद शर्मा
आजमगढ़। अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन नवीन अरोरा, पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र सुनील सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ0 अनिल कुमार के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक यातायात पंकज श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में साइबर अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में मुख्यालय पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश से (Child Sexual Exploitation and Abuse Material) से संबंधित प्राप्त इनपुट पर कार्रवाई करते हुए साइबर सेल एवं जीयनपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने अभियुक्त गोपाल चौहान पुत्र रामाशीष चौहान निवासी असरूपुर थाना जीयनपुर को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त 2 मोबाइल एवं 2,210 नकद बरामद हुये।
अपराध का तरीका एवं डिजिटल साक्ष्य
प्रारंभिक पूछताछ एवं मोबाइल की जांच में प्रकाश में आया कि अभियुक्त सोशल मीडिया एवं मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर लड़की की पहचान का उपयोग कर लोगों से संपर्क करता था। इंटरनेट से प्राप्त तस्वीरों तथा अश्लील वीडियो से तैयार स्क्रीनशॉट का उपयोग कर लोगों को आकर्षित करता और टेलीग्राम के माध्यम से अश्लील वीडियो कॉलिंग एवं आपत्तिजनक सामग्री उपलब्ध कराने के नाम पर धनराशि प्राप्त करता था। अभियुक्त द्वारा कुछ व्यक्तियों को स्क्रीनशॉट भेजकर वीडियो उपलब्ध न कराने तथा धोखे से मोबाइल रिचार्ज कराने की बात भी बताई गई है। मोबाइल की प्रारंभिक डिजिटल जांच में विभिन्न अश्लील एवं वयस्क सामग्री से संबंधित वेबसाइटों की सर्च हिस्ट्री, टेलीग्राम पर विभिन्न चैटिंग एवं 18+ ग्रुपों से संबंधित गतिविधियां तथा मोबाइल गैलरी में आपत्तिजनक फोटो एवं वीडियो पाये गये।
434000 का क्रेडिट होने का तथ्य प्रकाश में आया
1 जनवरी से 22 अक्टूबर तक की उपलब्ध बैंकिंग हिस्ट्री के प्रारंभिक अवलोकन में 20 से 500 तक की अनेक छोटी धनराशियों के क्रेडिट ट्रांजेक्शन मिले। उक्त अवधि में कुल लगभग 4,34,000 की धनराशि क्रेडिट होने के तथ्य प्रकाश में आये हैं। अभियुक्त द्वारा कथित रूप से स्नैपचैट सहित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लड़की की पहचान का उपयोग कर लोगों से संपर्क करने, टेलीग्राम ग्रुपों एवं चैनलों के माध्यम से सामग्री साझा करने तथा वीडियो कॉलिंग एवं आपत्तिजनक बातचीत के नाम पर धनराशि प्राप्त करने की बात सामने आई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस गतिविधि में मुख्य रूप से 50 वर्ष या उससे अधिक आयु के व्यक्तियों को लक्षित किया जाता था। उक्त तथ्यों का डिजिटल साक्ष्यों एवं बैंकिंग अभिलेखों के आधार पर सत्यापन किया जा रहा है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
उपरोक्त सफलता वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह, व0उ0नि0 परमात्मा मिश्रा, का0 बुटाई शाह, का0 अभय प्रताप सिंह, म0का0 शिवांगी राय, का0 प्रदीप गुप्ता एवं का0 धीरज यादव के अलावा साइबर सेल टीम के हे0का0 ओम प्रकाश जायसवाल, का0 राहुल सिंह, का0 महेन्द्र मौर्या, का0 श्याम साहनी एवं का0 अमित सरोज शामिल रहे।
.jpg)






