सोनू गुप्ता
सुरेरी, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के जामडीह गांव में मामूली विवाद को लेकर एक युवक पर हमला किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने छह नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जामडीह गांव निवासी रणजीत सिंह पुत्र रविंद्र सिंह ने सुरेरी थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि मंगलवार देर शाम गांव के ही शिवपूजन सिंह, सत्यम सिंह, प्रदुम सिंह, अनिल सिंह, छोटू सिंह एवं कल्लू सिंह ने मामूली कहासुनी को लेकर उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने बियर की बोतल से उनके सिर पर वार कर घायल कर दिया। इसके बाद जमीन पर गिर जाने पर लात-घूंसों व डंडों से मारपीट की गई। शोर-शराबा होने पर आस—पास के लोगों के पहुंचने पर आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गये।
घटना में घायल रणजीत सिंह ने बुधवार को सुरेरी थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी। पुलिस ने मामले की जांच-पड़ताल के बाद बुधवार देर शाम छह आरोपितों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। इस संदर्भ में थानाध्यक्ष दिव्य प्रकाश सिंह ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर छह लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
.jpg)







