जौनपुर। जफराबाद नगर पंचायत में कंबल वितरण का कार्य रूक गया है। कुछ सभासदों का आरोप है कि यह आपसी खींचतान की वजह से हुआ है। जाफराबाद नगर पंचायत में कुल 10 वार्ड है। प्रत्येक वार्ड में गरीब पात्रों को शासन की तरफ से 40 कंबल देना है। इस हिसाब से 400 कंबल मंगाया गया है।
पिछले हफ्ते दो वार्डों में कंबल का वितरण किया गया। लेकिन शेष वार्डों में आपसी सामंजस्य न होने के कारण कंबल वितरण का कार्य रुक गया है। मामले में मोहल्ला दरीबा के सभासद लक्ष्मीकांत गिरी तथा सभासद असद खान ने बताया कि सभी वार्डों में 40-40 कंबल पात्रों को बांटना है। जबकि नगर पंचायत अध्यक्ष कह रहे हैं कि सभासद 300 कंबल बाटेंगे। बाकी 100 कंबल अपने हिसाब से वितरित करेंगे।
इस संदर्भ में अधिशासी अधिकारी आशुतोष त्रिपाठी का कहना है कि जो पात्रता की सूची में है। उन सभी को कंबल दिया जाएगा और नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद बरनवाल ने कहा कि व्यस्तता की वजह से कंबल वितरण का कार्य रुक गया था जो जल्द से जल्द शुरू कर दिया जाएगा। 100 कंबल स्वयं वितरित करने की बात पर उन्होंने कहा कि कंबल वितरण में जो पात्र सभासदों से छूट जाते हैं। उनको हम अपने माध्यम से कंबल वितरित करते हैं।






DOWNLOAD APP