• शेरवां में 250 लोगों को दिया गया कम्बल, प्राथमिक विद्यालय के नए गेट का हुआ लोकार्पण
सौरभ सिंह
सिकरारा, जौनपर। पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने कहा कि जरूरतमंदों की मदद करना सबसे बड़ा पुनीत कार्य है। इस भीषण सर्दी में कम्बल वितरित करके ग्राम प्रधान प्रेमलता सिंह ने सराहनीय कार्य किया है। वे गुरुवार को शेरवां स्थित प्राथमिक विद्यालय पर आयोजित कम्बल वितरण व नवनिर्मित गेट के लोकार्पण कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।
श्री सिंह ने कहा कि प्राचीन काल में बच्चे गुरुकुल में शिक्षा के लिए जाते थे और शिक्षा पूरी होने के पश्चात ही घर लौटते थे। तब उन्हें ज्ञान से अधिक संस्कार की शिक्षा दी जाती थी। आज के परिवेश में कहीं न कहीं उसका लोप होता जा रहा है। विशिष्ट अतिथि एमएलसी बृजेश सिंह प्रिंसू तथा पूर्व प्रमुख सुधाकर उपाध्याय ने कहा कि शिक्षा जीवनोपयोगी होनी चाहिए। पर्यावरण तथा जल संरक्षण के बारे में भी बच्चों को जागरूक करना होगा।
पीयू शिक्षक संघ पूर्व अध्यक्ष डॉ. समर बहादुर सिंह ने कहा कि हमें अपने बच्चों को सरकारी स्कूलों में पढ़ने के लिए भेजना चाहिए। यहाँ योग्य शिक्षक व आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं। प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अमित सिंह ने कहा कि अब हमारे शिक्षक सरकारी स्कूलों की तस्वीर बदलने में जुटे हैं। मॉडल स्कूल व अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में सार्थक प्रयास का परिणाम आने लगा है। शिक्षक नेता ओमप्रकाश सिंह, बीडीओ डॉ. छोटे लाल तिवारी, बीईओ राजीव कुमार यादव, एडीओ अरुण पाण्डेय ने विचार व्यक्त किया।
प्रारम्भ में मुख्य अतिथि ने विद्यालय के नवनिर्मित गेट का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच फीता काटकर उद्घाटन किया। उन्होंने निर्धारित 250 असहायों में से बघौरा तथा शेरवां से दस दस लोगों को कम्बल वितरित किया। बाद में शेष लोगों को प्रधान की टीम द्वारा कम्बल वितरित हुआ।
कार्यक्रम आयोजक प्रधान पुत्र अतुल सिंह, नवीन सिंह, उत्तम सिंह लोहा ने अतिथियों का माल्यार्पण व स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया। प्रधानाध्यापक राजीव सिंह ने कायाकल्प योजना द्वारा विद्यालय में कराए जा रहे कार्यों का विवरण दिया।
उन्होंने मुख्य अतिथि से बच्चों के बैठने के लिए 50 सेट डेस्क बेंच की व्यवस्था का निवेदन किया जिस पर उन्होंने तत्काल स्वीकृति दे दी। इस अवसर पर अनुपम श्रीवास्तव, अशोक सिंह, राजेन्द्र प्रसाद सिंह, चन्द्रमणि मिश्र, सुरेंद्र उपाध्याय, हृदय नारायण उपाध्याय, विनय सिंह, मृत्युंजय सिंह, पंकज सिंह, संजय सिंह, कन्हैया लाल मिश्र आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य विजय पाल सिंह तथा संचालन राष्ट्रपति सम्मान से सम्मानित सेवानिवृत शिक्षक लल्लन उपाध्याय ने किया। आभार ग्राम प्रधान प्रेमलता सिंह ने व्यक्त किया।








DOWNLOAD APP