• बन्सफा गांव में भागवत कथा के अंतिम दिन उमड़े श्रद्धालु
सिकरारा, जौनपुर। बन्सफा गांव स्थित नागेश्वर महादेव मंदिर परिसर में चल रहे भागवत कथा के अंतिम दिन श्रद्धालुओं की भीड़ देखी गई। 
कथा सुनाते हुए कथावाचक राघवेन्द्राचार्य महराज ने कहा कि भागवत कथा सुनने से पुण्य फल की प्राप्ति होती है। कथा के प्रताप से ही राजा परीक्षित को सातवें दिन ही मोक्ष मिला था। भागवत कथा भक्त और भगवान की कथा है। भक्ति मार्ग और उससे मिलने वाले पुण्य फल मनुष्य को धर्म, आस्था और आध्यात्मिकता से जोड़ते हैं।
इस दौरान उन्होंने परीक्षित मोक्ष की कथा सुनाई। इसके साथ ही कथा से मिलने वाले पुण्य फल के विषय में अपनी बात रखी।उन्होंने कहा कि राजा परीक्षित को कथा के सातवें दिन ही मोक्ष की प्राप्ति हुई थी। उन्होंने बताया कि बलराम पहले अपने धाम के लिए प्रस्थान किए। उसके बाद भगवान इस लोक को छोड़कर अपने धाम के लिए गमन किये। उनके गमन के साथ ही यदुवंशियों का भी पतन शुरू हो गया। वे शराब में डूब गए। शराब पतन का मार्ग प्रशस्त करती है और गंगा जल उद्घार का मार्ग दिखाती है।
कथा व्यास ने कहा कि जिस परिवार में नशे जैसी बुराइयां रहती हैं, वहां पुण्य फल का भी नाश होता है। इस अवसर पर उन्होंने सभी से नशे से दूर रहने की अपील की। कथा के आरम्भ में आयोजक पूर्व सांसद धनंजय सिंह, उनके पिता पूर्व विधायक राजदेव सिंह ने व्यासगद्दी का पूजन अर्चन किये और कथावाचक को माल्यार्पण व अंगवस्त्रम भेंटकर सम्मानित किये।
यजमान जितेंद्र सिंह दादा, मृत्युंजय सिंह, अभ्युदय सिंह, अनिरूद्ध देव सिंह ने राधाकृष्ण की आरती की। इस मौके पर शैलेन्द्र सिंह एमलसी सुल्तानपुर, बृजेश सिंह प्रिंसू, नन्हकू शुक्ला, सन्तोष तिवारी, नन्दलाल यादव डायट प्राचार्य, शिक्षक नेता अमित सिंह, ओमप्रकाश सिंह, प्रेमचंद तिवारी, नखड़ू सिंह प्रमुख, श्रवण सिंह भाजपा नेता, विनय सिंह सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।