जौनपुर। राष्ट्र सेविका समिति के तत्वावधान में वसुंधरा शाखा जोगियापुर में विजयदशमी शस्त्र पूजन कार्यक्रम हुआ। इस दौरान प्रवक्ता डा. अनीता त्रिपाठी ने बतौर मुख्य वक्ता कहा कि विजयादशमी का पर्व उमंग, उत्साह, उल्लास एवं विजय का पर्व है।
जौनपुर नगर में शस्त्र पूजन अवसर पर उपस्थित
राष्ट्र सेविका समिति से जुड़ीं महिलाएं।
हम हिन्दू समाज में व्याप्त बुराइयों पर विजय प्राप्त करने का संकल्प लें एवं राष्ट्र सेविका समिति की शाखा से जुड़कर शक्ति की उपासना एवं आराधना करते हुये नारी समाज को जागृत संगठित एवं राष्ट्र कार्य हेतु प्रेरित करें। अध्यक्षता करते हुये संस्कृत प्रवक्ता नीतू सिंह ने कहा कि आज समाज में व्याप्त विषमता को दूर करने का संकल्प लेना होगा। इसके पहले समिति की सेविका बहनों ने अस्त्र-शस्त्र का पूजन करते हुये संकल्प लिया कि देश विरोधी तत्वों को परास्त करने में ही हम शस्त्र का प्रयोग करेंगे।
इस दौरान जहां जिला शारीरिक शिक्षण प्रमुख डा. सरला त्रिपाठी ने एकल गीत प्रस्तुत किया, वहीं नगर सेवा प्रमुख शीला सिंह ने अमृत वचन प्रस्तुत किया तो प्रार्थना अनुरंजनी त्रिपाठी ने कराया। तत्पश्चात् जिला कार्यवाहिका नीतू सिंह ने सभी के प्रति आभार जताया। इस अवसर पर नगर सम्पर्क प्रमुख सुचिता सिंह, नगर कार्यवाहिका अंजली त्रिपाठी, डा. उषा सिंह, प्रेमलता सिंह, खुशी सिंह सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।




DOWNLOAD APP