जौनपुर। खुटहन क्षेत्र के महमदपुर गुलरा गांव में आयोजित साप्ताहिक श्रीमद् भागवत कथा के प्रारंभ की पूर्व संध्या पर बुधवार को गाजे बाजे के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई। 108 कन्याओं ने गोमती नदी का पवित्र जल भरकर सर पर कलश रख पूरे गाँव का भ्रमण किया।

वृन्दावन मथुरा से पधारे स्वामी दयानंद शास्त्री जी महराज ने वैदिक रीति से मंत्रोच्चार के साथ कलश पूजन कराया। उसके बाद यात्रा निकाली गई। उन्होंने कहा कि कलश में सभी देवीय शक्तियों का वास होता है। जब यह कलश नारी के सिर पर विद्यमान होता है तो उसकी शक्ति और धार्मिक महत्ता कई गुना और बढ़ जाती है। नारी खुद देवीय शक्ति का द्योतक है। जब वह कलश भी अपने साथ ले लेती है तो दोनों शक्तियां एक हो जाती हैं। जिनका श्रद्धा भाव से दर्शन मात्र से मानव के दोष दूर हो जाते है। कलश यात्रा में शामिल होने मात्र से कई तीर्थो का फल मिल जाता है।
उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान तन, मन और अंतःकरण में अपने ईष्ट का स्मरण करते हुए पग आगे बढ़ाते रहना चाहिए। श्री शास्त्री जी महराज ने कहा कि कलश यात्रा एक महान धार्मिक उत्सव होने के साथ साथ आगे होने वाले किसी धार्मिक कार्यक्रम का पूर्व संदेश भी देता है।
यात्रा में मुख्य यजमान श्रीप्रकाश पाण्डेय, प्रेमा देवी, राम अनंद पाण्डेय, कैलाश नाथ, सतीश, दरोगा, सीमा, पिंकी, रोशनी, राखी, खुशबु, रिया, सीमा, आदि शामिल रहे। आयोजक गिरीश पाण्डेय ने आभार प्रकट किया।



DOWNLOAD APP