जौनपुर। मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के फत्तूपुर कला गांव में मामूली विवाद में मनबढ़ों ने लाठी डंडे से पीट पीटकर अधेड़ की हत्या कर दी। जबकि तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। छह के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस ने चार को गिरफ्तार कर लिया। घटना को लेकर गांव में तनाव है। एहतियात के तौर पर पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।

नागपंचमी के दिन फत्तूपुर कला गांव निवासी विजय प्रताप सिंह की गाय मिठाईलाल बिंद के खेत में चली गई थी। जिसे लेकर दोनों पक्षों मे गालीगलौज हुआ था। शुक्रवार की शाम करीब सात बजे विजय प्रताप सिंह (55) गांव की एक चाय की दूकान पर बैठे थे। उसी समय मनबढ़ों ने लाठी डंंडे से उनपर हमला बोल दिया। बचाव के लिए पहुंचे विजय प्रताप सिंह के भतीजे रूद्रप्रताप सिंह (28) और पुत्र चंदन सिंह (25) भी घायल हो गए। तीनों घायलों को प्राथमिक स्वास्थ केन्द्र पहुंचाया गया। जहां हालत गंभीर देखते हुए तीनों को देर शाम करीब 9:30 बजे डाक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डाक्टर ने विजय प्रताप सिंह को डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया।
गांव में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। मौत की खबर मिलते ही पुलिस के भी हाथ पांव फूलने लगे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण संजय राय, सीओ विजय सिंह, थानाध्यक्ष अनिल सिंह पुलिस फोर्स के साथ गांव में कैंप कर रहे हैं। शनिवार को दोपहर एसपी विपिन कुमार मिश्र भी मौके पर पहुंचे।
एसपी ने बताया कि पुलिस ने छह के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर चार को गिरफ्तार कर लिया है। जिन चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है उसमें चंदन बिंद, मिठाई बिंद, राम प्रसाद बिंद, धर्मेन्द्र बिंद शामिल हैं। अन्य दो आरोपियों को भी शीघ्र गिरफ्तार करने के लिए थानाध्यक्ष को निर्देश दिए गए हैं।





DOWNLOAD APP