• सपाजनों ने पूर्व प्रधानमंत्री की मनायी 12वीं पुण्यतिथि

जौनपुर। समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पर सोमवार को पूर्व प्रधानमंत्री चन्द्रशेखर सिंह की 12वीं पुण्यतिथि मनायी गयी जहां गोष्ठी भी आयोजित की गयी। अध्यक्षता करते हुये वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजनाथ यादव ने कहा कि चन्द्रशेखर का जीवन बहुत ही ऐतिहासिक है। उनको ही युवा तुर्क नेता की उपाधि मिली है। वे छात्र जीवन से ही लड़ाकू थे। वे हमेशा कमजोरों की लड़ाई लड़ते थे। वे देश में समाजवाद लाना चाहते थे।

एक बार की घटना है। उस समय देश में इन्दिरा गांधी प्रधानमंत्री थीं। उन्होंने चन्द्रशेखर को बुलाया और पूछा कि कांग्रेस में आपको समाजवाद नहीं दिखायी देता है तो चन्द्रशेखर ने कहा कि थोड़ा दिखायी देता है। अगर पूरी तरह से समाजवाद नहीं दिखायी देगा तो हम कांग्रेस को तोड़ देंगे। उनकी बेबाकी से जवाब सुनकर इन्दिरा गांधी अवाक रह गयीं। श्री यादव ने कहा कि चन्द्रशेखर कभी लाल बत्ती के पीछे नहीं भागे। तमाम बार मंत्री पद का आफर मिला लेकिन वे नहीं बने। उनकी सोच हमेशा समाजवादी रही। वे समाजवाद देश में लाना चाहते थे। आज हम लोगों को उनके राजनीतिक जीवन से प्रेरणा लेने की जरुरत है। तभी देश में समाजवाद आयेगा।
इसी क्रम में वरिष्ठ नेता विरेन्द्र सिंह ने कहा कि देश में प्रथम समाजवादी नेता के रूप में चन्द्रशेखर प्रधानमंत्री बने। उनका जीवन बहुत ही बेबाक नेता के रूप में था। एक बार जनता पार्टी की सरकार बनी तो उनको मोरारजी देसाई के कैबिनेट में गृह मंत्री जैसे महत्वपूर्ण स्थान पर रखा जा रहा था, मगर उन्होंने मना कर दिया। वे देश के पहले ऐसे नेता थे जो सीशे प्रधानमंत्री बने। वे कभी भी किसी मंत्री पद पर नहीं थे। वे छात्र जीवन से ही बहुत तेज थे। वे अपने स्वाभिमान से कभी समझौता नहीं किये। चाहे उसके लिये उनको कितनी भी कुर्बानी देनी पड़ी हो।
इस अवसर पर श्याम बहादुर पाल, शकील अहमद, जिला प्रवक्ता राहुल त्रिपाठी, राजदेव यादव, पूनम मौर्या, मुकेश यादव, हैदर राजा, अबूशाद, अज्जू मौर्या, शैहर खां,  समर खां सहित तमाम लोग उपस्थित रहे। बैठक/गोष्ठी का संचालन जिला महासचिव हिसामुद्दीन शाह ने किया।




DOWNLOAD APP