जौनपुर। बदलापुर थाना क्षेत्र के बदलापुर खुर्द गांव में रविवार की रात आई बारात में तब लोग स्तब्ध रह गए जब जयमाल के लिए खड़े होते ही स्टेज पर दूल्हा गिर गया। इसके बाद दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया। घंटों चली पंचायत के बाद भी कोई समाधान नहीं निकला तो बारात बैरंग वापस लौट गई।
गांव निवासी एक लड़की की शादी महराजगंज थाना क्षेत्र के डोमपुर निवासी दयाराम के यहां तय हुई थी। तयशुदा कार्यक्रम के अनुसार रविवार की शाम बारात दरवाजे पर पहुंची। घरातियों के जलपान करने के बाद द्वारचार की रस्म पूरी हुई। भोजन के पश्चात जयमाल का कार्यक्रम शुरु हुआ। स्टेज पर दुल्हन के गले में जयमाल डालने के लिए खड़ा होते ही दूल्हा अवनीश लड़खड़ाते हुए गिर गया।
दूल्हे के गिरते ही वर व कन्या पक्ष के साथ ही विवाह में शामिल होने आए लोगों में अफरा-तफरी मच गई। दुल्हन ने शादी करने से इनकार कर दिया। घरातियों का कहना था कि दूल्हे को मिर्गी आने की बात उनसे छिपाई गई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस की उपस्थिति में घंटों पंचायत चली लेकिन कन्या पक्ष के लोगों ने शादी करने से साफ मना कर दिया। इसके बाद बारात बैरंग लौट गई।




DOWNLOAD APP