जौनपुर। जफराबाद थाना क्षेत्र के कजगांव, नाथूपुर, धर्मापुर आदि क्षेत्रों में अवैध गैस रिफिलिंग का धंधा जोरों पर चल रहा है। कुछ लोग अपने फायदे के लिए लोगों के जीवन से खिलवाड़ कर रहे हैं। अवैध गैस रिफिलिंग के कारण कई बड़ी घटनाएं अब तक घटित हो चुकी हैं। कई लोगों को अपनी जान से हाथ धोना भी पड़ा है।

अभी कुछ दिन पहले लाइन बाजार थाना क्षेत्र के मतापुर में गैस ब्लास्ट में कई लोगों की जान चली गई थी। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र में गैस ब्लास्ट से कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। कुछ लोग बड़े सिलेंडरों को खरीदकर छोटे सिलेंडरों में अवैध तरीके से 120 रूपए किलो की दर से सिलेंडरों में गैस भर रहे हैं। उनको पता है इससे कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है। बावजूद इसके फिर भी चंद फायदे के लिए गलत काम करने से भी पीछे नहीं रहते। इसमें प्रशासन का मूकदर्शक बने रहना प्रशासन की मौन सहमति प्रतीत होती है।
इस संदर्भ में खाद्य निरीक्षक मनीष कुमार ने कहा कि मामला हमारे संज्ञान में नहीं था। अब जानकारी हुई है। अगर कोई इस तरह का कार्य कर रहा है तो जांच करके उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।




DOWNLOAD APP