जौनपुर। शाहगंज नगर के जौनपुर शाहगंज मुख्य मार्ग चौड़ीकरण के लिए उप जिलाधिकारी राजेश कुमार वर्मा ने बुधवार को अतिक्रमण ध्वस्त कराया। जेसीज चौक से नूर मस्जिद तक नाली निर्माण में बाधक बने चबूतरे व मकान को जेसीबी से तोड़ा गया।
दो वर्ष पूर्व सड़क चौड़ीकरण को लेकर नगर के मुख्य मार्ग पर मकानों को तोड़ने की मुनादी की गयी थी। जिस पर काफी संख्या में मकान स्वामियों ने अपना मकान स्वयं से तोड़ दिया था। कुछ मकानों व दुकानों को प्रशासन द्वारा अभियान चलाकर तोड़ने की कार्यवाही की गयी थी। लेकिन निर्माण कार्य में लोक निर्माण विभाग के लचर रवैये के चलते स्थानीय प्रशासन को नागरिकों की नाराजगी भी झेलना पड़ा।
लोक निर्माण विभाग द्वारा काफी समय से हो रहे नाली निर्माण को अब तक पूरा नहीं किया जा सका। जेसीज चौक से नूर मस्जिद तक जगह जगह छोड़कर किया गया। नाली निर्माण जल निकासी के लिए बेमानी साबित हो रहा है। इसी क्रम में बुधवार को एसडीएम ने अभियान चलाकर शेष बचे अतिक्रमण को ध्वस्त कराकर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को अतिशीघ्र नाली निर्माण का काम पूरा करने का निर्देश दिया। फिलहाल लम्बे समय से मुख्य मार्ग पर चल रहे निर्माण कार्य से जहां रोजाना पूरे पूरे दिन भीषण जाम की समस्या बनी है। वहीं व्यापार पूरी तरह से चौपट होने पर लोक निर्माण विभाग व स्थानीय प्रशासन के खिलाफ लोगों में गुस्सा भी है।
उप जिलाधिकारी राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि बारिश के मौसम को सामने देखते हुए काम पूरा करने का निर्देश दिया गया है। बरसात से पहले काम पूरा न होने पर ठेकेदार पर कार्यवाही की जाएगी। इसके लिए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों व ठेकेदार को चेतावनी दी गयी है।



DOWNLOAD APP