• समाज को न्याय दिलाने में सदैव कर्मठ व प्रयत्नशील रहें जजः गिरजेश पाण्डेय
  • पुराने मुकदमों के निपटारों का स्थापित किया है कीर्तिमानः डॉ. सुनील कुमार सिंह

फैजाबाद। 33 वर्ष की न्यायिक सेवा करने के बाद फैजाबाद के जिला जज गिरजेश पाण्डेय सेवानिवृत्त हो गये जिस पर न्यायिक अधिकारियों द्वारा विदाई समारोह किया गया। अपनी विदाई से अभिभूत जिला जज श्री पाण्डेय ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उनके जाने के बाद भी समाज को न्याय दिलाने में सदैव कर्मठता से प्रयत्नशील रहेंगे। जनता का विश्वास जितेंगे तथा भारतीय लोकतंत्र को मजबूत बनायेंगे।
इसी क्रम में विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित जिलाधिकारी अनुज झा ने जिला जज द्वारा किये गये महत्वपूर्ण प्रशासनिक बदलाव की प्रशंसा किया। वहीं वरिष्ठ आरक्षी अधीक्षक जोगेन्द्र कुमार ने पुलिस विभाग की ओर से, ब्रिगेडियर ज्ञानोदय ने भारतीय सेना की ओर से एवं मुख्य चिकित्साधिकारी हरिओम श्रीवास्तव ने स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिला जज को स्मृति चिन्ह प्रदान किया। इसके पहले सुमन तिवारी सिविल जज सी.डि. एफटीसी, सुश्री अनीता जे.एम., रश्चि चन्द जे.एम. एवं साधना गिरी सिविल जज जू.डि. ने भगवान श्रीराम की स्तुति किया जिसके बाद सुरेश शर्मा एडीजे ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारम्भ किया।
इसके बाद अशोक कुमार एडीजे प्रथम एवं हरिनाथ पाण्डेय एडीजे द्वितीय ने न्यायिक परिवार की ओर से जिला जज को स्मृति चिन्ह, शाल एवं रामायण प्रदान किया। इसी क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अयोध्या के सचिव चन्द्रमोहन मिश्रा ने फिल्मी गीत सुनाकर सबको मंत्र-मुग्ध कर दिया। रीता कौशिक प्रधान पारिवारिक जज एवं एडीजे भूदेव गौतम ने बताया कि जिला जज का नाम उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति के पद पर सुशोभित होने के लिये भेजा जा चुका है।

डा. सुनील कुमार सिंह सिविल जज सी.डि. ने बताया कि जिला जज श्री पाण्डेय ने फैजाबाद के अपने कार्यकाल में अनेक महत्वपूर्ण बदलाव किये। बैकलाग क्लीयरेंश एवं प्राचीनतम मुकदमों के निपटारों का कीर्तिमान स्थापित किया। नये न्यायालयों की बिल्डिंग का काम तेज किया। न्यायालयों में कागज, फर्नीचर, सफाई आदि व्यवस्था की कमी को पूरा किया। बार एवं बेंच में समन्वय स्थापित करवाया।
डा. सिंह ने जिला जज को एक बेहतरीन इन्सान बताया जिनके अंदर एक सच्चा नेतृत्व कौशल एवं त्रुटिहीन चरित्र बसता है। अभिनव तिवारी सिविल जज जू.डि सदर ने श्री पाण्डेय को ईमानदारी व सत्यनिष्ठा का मिसाल बताते हुये सभी न्यायिक अधिकारियों का प्रेरणास्रोत बताया। वहीं सभी न्यायिक अधिकारियों ने श्री पाण्डेय दीर्घायु एवं अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हुये कहा कि उनसे यदि केई भूल हो गयी हो तो क्षमा करेंगे। कार्यक्रम का संचालन ज्ञान प्रकाश तिवारी एसीजेएम प्रथम ने किया। अन्त में श्रद्धा तिवारी सीजेएम ने सभी के प्रति आभार जताया।
इस अवसर पर सत्य प्रकाश, सुरेश चन्द्र आर्य, पूजा सिंह, कुशलपाल, रविन्द्र द्विवेदी, असद अहमद हाशमी, वरूण मोहित निगम, विजय गुप्ता, संजीव त्रिपाठी, सर्वेश मिश्रा, पवन सिंह, अवनीश चन्द्र गौतम, साधना गिरी, मयूरेश श्रीवास्तव सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।




DOWNLOAD APP