जौनपुर। जफराबाद थाना क्षेत्र के एक गांव में किशोरी के साथ छेडख़ानी का वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने रविवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ दुष्कर्म का प्रयास और पास्को एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।
सोशल मीडिया पर दो दिन से एक वीडियो वायरल हो रहा था जिसमें एक युवक दिन दहाड़े एक युवती के साथ जोर जबदस्ती करता है और उसका साथी इस पूरे घटना क्रम का वीडियो बना रहा है। युवती अपनी आबरू बचाने के के लिए जूझ रही लेकिन युवक कभी सिगरेट का धूआं उसके मुहं पर फूंकता है तो कभी उसके कपड़े तक उतारने की कोशिश करता है।

वीडियो में मनबढ़ युवक लड़की की पिटाई करते हुए भी दिखता है। यह वीडियो तीन दिन पुराना बताया जा रहा है। वीडियो बनाने वाले ने इसे गांव के एक व्हाट्सएप ग्रुप पर डाल दिया। जिससे यह वीडियो जफराबाद थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी लड़की के परिजनों तक पहुंच गया। लड़की के परिजन वीडियो को ग्राम प्रधान को दिखाया।
ग्राम प्रधान ने इस वीडियो को पुलिस अधिकारियों के व्हाट्सएप ग्रुप में भेज दिया। जिसे देखकर एसपी ने सख्त रुख अख्तियार करते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश जफराबाद पुलिस को दिया। एसपी विपिन कुमार मिश्र ने बताया कि पुलिस ने लड़की के साथ जोर जबदस्ती करने वाले आरोपी छट्ठू निषाद और कल्लू निषाद के खिलाफ केस दर्ज कर जेल भेज दिया।




DOWNLOAD APP