जौनपुर। गौराबादशाहपुर थाना के हनुवाडीह गांव में बीती रात छत से गिरने पर एक युवक की मौत हो गयी जिसकी जानकारी होने पर पहुंची पुलिस ने शव को अन्त्य परीक्षण हेतु भेज दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त गांव निवासी सूबेदार चौहान 35 वर्ष बीती रात खाना खाकर छत पर सोने चला गया। रात में छत से अचानक नीचे गिर गया जिससे वह गम्भीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी होने पर परिजन घायल को उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मुफ्तीगंज ले गये जहां से जिला चिकित्सालय के लिये रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में घायल का प्राथमिक उपचार करके बीएचयू भेज दिया गया जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गयी। वहीं पुलिस ने शव का अन्त्य परीक्षण कर शव को परिजन को सौंप दिया। बता दें कि मृतक के एक पुत्र और दो पुत्री हैं। मृतक अपने 3 भाइयों में सबसे बड़ा था।
वहीं मृतक के पिता की लगभग 4 वर्ष पूर्व ही मौत हो चुकी है। परिवार की पूरी जिम्मेदारी मृतक के ही कंधे पर थी। मृतक ही परिजनों के रोजी-रोटी का सहारा था। सूबेदार की मौत से परिजनों के ऊपर गम का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं सूबेदार की मौत से परिवार सहित पूरे गांव में मातम का माहौल बना है।



DOWNLOAD APP