जौनपुर। जिले के केराकत, नेवढ़िया, शाहगंज व बदलापुर में हुई मारपीट में घटनाओं में 21 लोग घायल हो गए। उधर केराकत में रास्ते के विवाद को लेकर दो‌ पक्षों में लाठी डंडे व ईंट पत्थर चले। इसी दौरान एक पक्ष ने तीन राउंड फायर कर दिया। संयोग ही था कि किसी को गोली नहीं ​लगी। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
केराकत कोतवाली क्षेत्र के गंगौली गांव में शुक्रवार की सुबह रास्ते के विवाद को लेकर दो‌ पक्षों में लाठी डंडे व ईट पत्थर चले। जिसमें छ: लोग घायल हो गए। मारपीट के दौरान एक पक्ष के एक युवक ने असलहे से फायर कर दिया। संयोग ही था कि गोली किसी को नहीं लगी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन में जुट गई। गंगौली गांव में पिछले आठ माह से दो पक्षों में रास्ते को लेकर विवाद चल रहा है। शुक्रवार को राजनाथ यादव का पिकअप भूषा लेकर आ रहा था। उसी दौरान दूसरे पक्ष ने गाड़ी रोक दिया। इसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में लाठी व ईट पत्थर चलने लगे। इसी दौरान एक पक्ष के एक युवक ने असलहे से तीन फायर कर दिया। संयोग अच्छा था कि गोली किसी को न लगकर दीवाल व पेड़ को छूते हुए निकल गयी। मारपीट में एक पक्ष से मगन यादव, मुकेश यादव, राजनाथ यादव व दूसरे पक्ष से राजेन्द्र यादव, रवि यादव, राजेश यादव घायल हो गये। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दो खोखा भी बरामद किया। सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।

उधर नेवढ़िया थाना क्षेत्र के हथियाडीह गाँव में जमीनी विवाद के चलते गुरुवार की देर शाम दो पक्षों में मारपीट हो गई। जिसमें दोनों पक्षों से छः लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। क्षेत्र के हथियाडीह गाँव निवासी नंदलाल विश्वकर्मा व मनीष विश्वकर्मा के बीच कुछ महीने पूर्व से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। किसी न किसी वजह के कारण दोनों पक्ष आये दिन आमने सामने होते रहते हैं। इसी बीच पहले पक्ष के नंदलाल की लड़की की बीते 10 जून को शादी थी। जिसमें गाँव के ही दूसरे पक्ष के मनीष विश्वकर्मा का डीजे वाले से अपने पसंद के गाना बजाने को लेकर मारपीट हो गई थी। विवाद में नंदलाल की लड़की की शादी होने के कारण पहले पक्ष ने जब विरोध किया तो दोनों पक्षो में विवाद व मारपीट की नौबत बन गई। लेकिन शादी में मौजूद लोगों ने किसी तरह विवाद को समाप्त कर शांतिपूर्ण रूप से शादी को सम्पन्न कराया। लेकिन दोनों पक्ष शादी के दिन हुए कहासुनी और हाथापाई को भूल न सके और फिर से गुरुवार की शाम शादी में हुए विबाद को लेकर दोनों पक्ष दोबारा आमने सामने आ गए। बिना मारपीट के दौरान एक पक्ष से किशन 18 वर्ष, रूबी 17 वर्ष, राहुल विश्वकर्मा 16 वर्ष व दूसरे पक्ष से मनीष 19 वर्ष, देवनाथ 80 वर्ष, गुड़िया 18 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी रामनगर में भर्ती कराया। जहां डाक्टरों ने रूबी, राहुल व मनीष की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ पुलिस को तहरीर दिया है। प्रभारी थानाध्यक्ष वरुणेंद्र राय ने बताया कि दोनों पक्षों द्वारा मिले तहरीर के आधार पर जांच कर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
उधर शाहगंज क्षेत्र के मियांपुर गांव में शुक्रवार को खेलते समय हुए बच्चों के विवाद के दौरान दो पक्षों के लोग आमने सामने हो गये। इस बीच चले लाठी डण्डे से तीन लोग घायल हो गये। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस मामले की जांच में जुटी है। उक्त गांव में शुक्रवार की सुबह खेल रहे बच्चों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। जिसकी जानकारी होने पर परिवार के लोग पहुंच गये। जिसमें कहासुनी के दौरान हुई मारपीट में रामदुलार (65), उनका पुत्र राम किशुन (40), जगदीश (28) घायल हो गये।
इसी क्रम में बदलापुर थाना क्षेत्र के बटाऊबीर विश्वकर्मानगर में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच चले लाठी डंडे से छ: लोग घायल हो गये। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया। मारपीट में एक पक्ष से समरनाथ विश्वकर्मा 40 वर्ष, विनोद कुमार विश्वकर्मा 23 वर्ष तथा दूसरे पक्ष से मयाशंकर विश्वकर्मा 58 वर्ष, संतरा देवी 50 वर्ष, शालिनी 16 वर्ष घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया। जहां हालत गंभीर देखते हुए डाक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।




DOWNLOAD APP