जौनपुर। मुख्य कार्यकारी अधिकारी मतस्य पालक विकास अभिकरण आरके श्रीवास्तव ने बताया कि राष्ट्रीय कृषि विकास योजनान्तर्गत विकास खण्ड करंजाकला के छबीलेपुर में निर्मित मत्स्य हाट के 10 दुकानों का आवण्टन 17 जुलाई को विकास भवन सभागार में अपरान्ह 12.30 बजे से मुख्य विकास अधिकारी गौरव वर्मा की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा ऐसे मत्स्य व्यवसायी लाभार्थियों को किया जायेगा।
अभ्यर्थी सम्बन्धित जनपद का मूल निवासी होना चाहिये। अभ्यर्थी को मत्स्य विपणन व्यवसाय में पर्याप्त अनुभव होना चाहिये। अभ्यर्थी द्वारा दुकानों/हाटों का उपयोग मत्त्य व्यवसाय हेतु ही किया जायेगा। इस सम्बन्ध में निर्धारित प्रपत्र पर शपथ पत्र पर उपलब्ध कराना होगा। मत्स्य विक्रय हेतु दुकानों के आवण्टन सम्बन्धित नगर पालिका/ग्राम पंचायत द्वारा लगायी गयी शर्तों का नियमानुसार लाभार्थी को पालन करना होगा। प्रतिबन्धित मछलियों, सड़ी-गली व खराब मछलियों का विक्रय किसी भी दशा में नहीं किया जायेगा।
मत्स्य विभाग/नगर स्वास्थ्य अधिकारी को दुकानों के आकस्मिक निरीक्षण का पूर्ण अधिकारी होगा। दुकान सहित आस-पास के क्षेत्र की सफाई का पूर्ण दायित्व सम्बन्धित लाभार्थी को होगा। उक्त से सम्बन्धित अन्य किसी जानकारी हेतु मुख्य कार्यकारी अधिकारी मत्स्य पालक विकास अभिकरण से किसी कार्य दिवस में सम्पर्क कर प्राप्त कर सकते हैं।




DOWNLOAD APP