खेतासराय, जौनपुर। विंध्याचल से दर्शन करके वापस लौट रहे दर्शनार्थियों से भरी बोलेरो गुरुवार की सुबह गुरैनी बाजार में पेड़ से टकरा गयी। जिसमें सवार सात लोग घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सोंधी में भर्ती कराया गया। जहां गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
सुल्तानपुर जिले के करसा इमिलिया गांव थाना जयसिंहपुर निवासी शैलेंद्र सिंह पुत्र केशरी सिंह अपने ढाई वर्षीय बेटे का मुंडन कराने विंध्याचल धाम गये थे। साथ में उनका परिवार और अम्बेडकरनगर जिले के रिश्तेदार भी थे। बुधवार की रात्रि में विंध्याचल से वापस लौटते समय सुबह साढ़े चार बजे गुरैनी बाजार पार करने बाद चालक को नींद आ गयी। जिससे बोलेरो अनियंत्रित होकर दाहिने तरफ एक सूखे पेड़ से टकरा गयी।
बोलेरो में सवार शैलेंद्र सिंह 25 वर्ष, उनकी पत्नी खुशबू 23 वर्ष, राजमनि सिंह 45 वर्ष निवासी रानीपुर थाना भीटी अम्बेडकरनगर, राकेश सिंह 40 वर्ष और उनकी पत्नी वीनू सिंह 32 वर्ष निवासी हरिवंशपुर थाना अकबरपुर अम्बेडकरनगर, कौशिल्या सिंह 50 वर्ष पत्नी केशरी सिंह और उनकी पुत्री दिव्या सिंह 16 वर्ष घायल हो गये।
घटना के बाद मामूली रूप से घायल राकेश सिंह ने बाजार में एक घर के दरवाजे को खटखटाया तो बाहर निकलकर लोगों ने बोलेरो में फंसे लोगों की मदद किया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डाक्टरों ने गम्भीर रूप से घायल शैलेंद्र सिंह, राजमनि सिंह और वीनू सिंह को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।




DOWNLOAD APP