जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के कलीचाबाद गांव के पास गुरुवार को सुबह नहाते समय गोमती नदी में डूूबे दूसरे युवक का भी शव शुक्रवार को नगर के हुनुमान घाट के पास बरामद हुआ। जबकि एक युवक का शव गुरुवार को ही पुलिस ने बरामद कर लिया था। दोनों के शव का पोस्टमार्टम कराकर पुलिस ने शाम को परिजनों को सौंप दिया। घटना से दोनों परिवारों में कोहराम मचा है।

बक्शा थाना क्षेत्र के अभयचंद्र पट्टी गांव निवासी राम अवध के पुत्र विनोद कुमार (22) और इसी गांव के हरिश्चंद्र यादव के पुत्र विकास यादव (18) गुरुवार को करीब दस बजे अपने दो तीन और साथियों के साथ गोमती नदी में नहाने गए थे। वे कलीचाबाद गांव में मंदिर के पास स्थित घाट पर नहा रहे थे। नहाते समय विनोद कुमार और विकास नदी में डूब गए थे।
विनोद का शव गुरुवार को ही शाम पांच बजे हनुमान घाट के पास मछुआरों की जाल में फंस गया था। जबकि विकास शव शुक्रवार को हनुमान घाट के पास ही नदी में उतराया मिला। सूचना पर पुलिस और परिजन भी पहुंच गए। पुलिस ने दोनों के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।




DOWNLOAD APP