जयेश बादल
ललितपुर। लोकसभा चुनावों के मद्देनजर लगभग सभी पार्टियां अपने उम्मीदवार घोषित कर चुकी हैं, मगर झांसी-ललितपुर लोकसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी ने अपने उम्मीदवार की घोषणा अभी तक नहीं की है। ललितपुर-झांसी लोकसभा सीट पर कुशवाहा समाज के लगभग 80 हजार है।

वहीं ललितपुर सदर सीट पर बसपा के टिकट पर 2007 में कुशवाहा फैक्टर पर सरकारी पद से रिटायर हुये नाथूराम कुशवाहा विधायक बने। उनकी मृत्यु के बाद पत्नी सुमन कुशवाहा यहां से चुनाव जीतीं। 2012 में बहुजन समाज पार्टी की टिकट पर रमेश कुशवाहा विधायक बने और 2017 में भारतीय जनता पार्टी के सदर विधायक रामरतन कुशवाहा भी वोटों की दम पर यह सीट निकालने में सक्षम हुये। दूसरे नम्बर पर लोधी समाज भी राजनीति में सक्रिय रहा है।
लोधी समाज केन्द्रीय मंत्री व क्षेत्रीय सांसद उमा भारती का करीबी माना जाता है। भाजपा में कुशवाहा व लोधी समाज को लेकर कसमकस बनी हुई है। भाजपा ने इसी कारण अब तक इस सीट से अपना उम्मीदवार घोषित नहीं किया है जबकि झांसी सदर विधायक रवि शर्मा, ललितपुर सदर विधायक रामरतन कुशवाहा, पूर्व एमएलसी गंगा चरण राजपूत के साथ वैद्यनाथ आयुर्वेद समूह झांसी के संचालक अनुराग शर्मा भी इस दौड़ में शामिल हैं। कांग्रेस पार्टी ने भी कुशवाहा समाज पर दांव खेला है। उन्होंने बाबू सिंह कुशवाहा की जन अधिकार पार्टी से अपने भाई शिव शरण कुशवाहा को उम्मीदवार बनाया है।
जातीय समीकरणों के चलते उलझा मामला
2014 के लोकसभा चुनाव में बुंदेलखण्ड की चारों सीटों पर भाजपा का कब्जा रहा। इन चारों सीटों पर जातीय समीकरण बैठाकर टिकट बांटे गये। इसमें बांदा से भैरो प्रसाद मिश्र (ब्राह्मण), हमीरपुर से पुष्पेन्द्र सिंह चंदेल (ठाकुर), जालौन से भानु प्रताप वर्मा (अनुसूचित जाति) व झांसी से उमा भारती (पिछड़ी जाति लोधी) को टिकट दिया गया। 2019 के लोकसभा का चुनाव उमा भारती ने लड़ने से मना कर दिया है। वहीं पार्टी ने हमीरपुर व जालौन से अपने प्रत्याशियों को रिपीट किया है।
झांसी व बांदा सीट के प्रमुख दावेदार
झांसी में टिकट के लिये घमासान ज्यादा है। यहां से दो बार के विधायक रवि शर्मा, बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा, ललितपुर विधायक रामरतन कुशवाहा, वैद्यनाथ आयुर्वेद समूह झांसी के संचालक अनुराग शर्मा, पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत, पूर्व मंत्री रवीन्द्र शुक्ल, डा. विजय खेरा, इं. राकेश गुप्ता व भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप सरावगी टिकट के दावेदारों में शामिल हैं। इसमें ललितपुर के सदर विधायक रामरतन कुशवाहा, अनुराग शर्मा व गंगाचरण राजपूत का नाम विशेष है। हालांकि सुना गया है कि उमा भारती गंगाचरण राजपूत की दाबेदारी पर जोर दे रहीं है।

2014 के परिणाम
भाजपा से उमा भारती- 5,75,889 वोट
सपा से चंद्रपाल सिंह यादव- 3,85,442 वोट
बसपा से अनुराधा शर्मा- 2,13,792 वोट
कांग्रेस से प्रदीप जैन आदित्य- 84,089 वोट

DOWNLOAD APP