जौनपुर। भाजपा ने मछलीशहर के वर्तमान सांसद की रिपोर्ट कार्ड खराब होने की वजह से प्रत्याशी बदल ‌दिया। हाल ही में बसपा छोड़कर आए बीपी सरोज को भाजपा ने अपना मछलीशहर लोकसभा क्षेत्र का प्रत्याशी बनाया है। बीपी सरोज वर्ष 2014 में बसपा से चुनाव लड़े थे। उन्हें तकरीबन दो लाख 66 हजार मत प्राप्त हुए थे।
मुंगराबादशाहपुर के मादरडीह निवासी बीपी सरोज राजनीति के साथ-साथ व्यवसाय के भी क्षेत्र में अच्छी रसूख रखते हैं। इनके महाराष्ट्र और सतहरिया में बड़े व्यवसायिक प्रतिष्ठान है। वर्ष 2008 में बसपा ने महाराष्ट्र में इन्हें महासचिव बनाया था। इनकी सक्रियता को देखते हुए पार्टी ने सूबे की राजनीति में उतारा। वर्ष 2012 से अपनी राजनीतिक पकड़ को मजबूत करने में बीपी सरोज जुट गए। नतीजन बसपा ने उनकी लोकप्रियता का लाभ उठाने के लिए 2014 में मछलीशहर लोकसभा क्षेत्र से अपना उम्मीदवार घोषित किया।
BP-SAROJ-MACHALISHAHAR-JAUNPUR
चुनाव में भाजपा के रामचरित्र निषाद चार लाख 38 हजार 210 मत पाकर चुनाव जीत गए। जबकि बीपी सरोज को दो लाख 66 हजार 55 वोट मिले। तीन बार सांसद रहे सपा के तूफानी सरोज तीसरे स्थान पर रहे। हाल में भाजपा द्वारा कराए गए सर्वे में वर्तमान सांसद रामचरित्र निषाद की स्थिति ठीक नहीं पाई गई। श्री निषाद ने पार्टी के अनुमति के बगैर चार प्रचार वाहन क्षेत्र में छोड़ दिया। इससे भी पार्टी की नाराजगी बढ़ी और पार्टी ने बसपा से भाजपा में आए बीपी सरोज पर दांव लगा दिया। बीपी सरोज को टिकट मिलने के बाद सपा-बसपा गठबंधन के प्रत्याशी टी राम की सक्रियता भी बढ़ गई है।
सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। अब सिर्फ जौनपुर में प्रत्याशियों की घोषणा होनी बाकी है। जौनपुर में किसी भी दल ने प्रत्याशी घोषित नहीं किया है। उम्मीदवार बनने के लिए नेता दिल्ली में गणेश परिक्रमा कर रहे हैं।




DOWNLOAD APP