जौनपुर। किसान व कृषि विकास के बीच प्रसार सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। इस कड़ी को मजबूत करके ही किसान को विकास की धारा से जोड़ा जा सकता है। किसानों को वैज्ञानिक खेती से कम लागत में अधिक उत्पादन लेने की तकनीकीयों से प्रशिक्षित करने के लिये किसान पाठशालाओं का आयोजन किया जाना है। इसके लिये जिले के कुल 218 न्याय पंचायतों के लिये 218 मास्टर ट्रेनर्स तैयार किये जा रहे हैं।
इसी को लेकर गुरुवार को कृषि विभाग द्वारा कृषि विज्ञान केन्द्र बक्शा में दो दिवसीय कार्यशाला आयोजित कर नामित मास्टर ट्रेनरों को कृषि विभाग के अधिकारियों एवं कृषि वैज्ञानिकों द्वारा प्रशिक्षित किया गया। अध्यक्षता करते हुये जिला कृषि अधिकारी/प्रभारी उप कृषि निदेशक अमित कुमार चौबे ने खरीफ फसलों की तैयारी, भूमि प्रबंधन, धान की नर्सरी, प्रजातियों की जानकारी दिया। कृषि वैज्ञानिक उद्यान डा. एके सिंह ने कृषि विविधीकरण, उद्यान, केला, सूरन, सब्जियों, फूलों एवं फलों की खेती की जानकारी दिया।
वहीं कृषि वैज्ञानिक डा. सोमेन्द्र सिंह ने किसानों की आय दोगुनी करने के उपाय की बारीकी बतायी। कृषि वैज्ञानिक डा. सुरेन्द्र प्रताप सोनकर ने जैविक खेती, फसल प्रबंधन, जल प्रबंधन, खरीफ के मुख्य कीट रोग प्रबंधन की तकनीकी जानकारी दिया। कार्यक्रम का संचालन उप परियोजना निदेशक (आत्मा) डा. रमेश चन्द्र यादव ने किया।



DOWNLOAD APP