मुंबई। वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी सुबोध कुमार जायसवाल को महाराष्ट्र का पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) बनाया गया है। गृह मंत्रालय ने गुरुवार को नियुक्ति आदेश जारी किया। 1985 बैच के आईपीएस अधिकारी सुबोध जायसवाल गुरुवार को सेवानिवृत्त हुए दत्ता पडसलगीकर का स्थान लेंगे।

वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी सुबोध जायसवाल ने कहा है कि महाराष्ट्र पुलिस हर तरह के खतरे से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने भ्रष्टाचार मुक्त पुलिस विभाग को अपनी प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि पुलवामा आतंकी हमले के बाद यवतमाल में कश्मीरी छात्रों पर हुए हमले के मद्देनजर सभी पुलिस मुख्यालयों को निर्देश दिए गए हैं कि वे ऐसे हमले रोकने के लिए कड़ी कार्रवाई करें।
श्री जायसवाल ने कहा कि कश्मीरी छात्रों के खिलाफ हमले बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। पुलिसवालों को उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। मुंबई पुलिस आयुक्त पद पर रहते उन्होंने भ्रष्टाचार में लिप्त पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्ती दिखाई थी और घूस लेते हुए पकड़े गए तीन पुलिसकर्मियों को बर्खास्त कर दिया था।
उन्होंने कहा कि पुलिस महकमें से भ्रष्टाचार खत्म करने पर जोर रहेगा। पाकिस्तान के साथ तनावपूर्ण हालात को देखते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस राज्य की आंतरिक सुरक्षा के लिए पूरी तरह मुस्तैद है, किसी खतरे से निपट सकती है। राज्य की समुद्री सीमाओं की सुरक्षा के लिए भी चाकचौबंद इंतजाम किए जाएंगे।

DOWNLOAD APP