• ठेका मैनेज करने के लिए जेई ने लिए थे 18 लाख

जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र से पीडब्लूडी के जेई पंकज सिंह यादव के अपहरण के मामले में पुलिस ने ठेकेदार और उसके पुत्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जेई ने इस मामले में नौ लोगों के खिलाफ अपहरण, मारपीट, धमकी, सरकारी कार्य में बाधा डालने आदि गंभीर धाराओं में केस दर्ज कराया है। घटना के पीछे 18 लाख रूपए के लेन देन का विवाद बताया जा रहा है।

पीडब्लूडी के जूनियर इंजीनियर गाजीपुर निवासी पंकज सिंह यादव को उनके सरकारी आवास से गुरूवार को स्कार्पियो से आए आठ से नौ लोग उठा ले गए। उन्हें ले जाकर सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के खुटहन रोड स्थित मल्हनी में ठेकेदार ने अपने प्लांट पर रखा था। जेई की पत्नी की सूचना पर लाइन बाजार पुलिस मल्हनी में छापा मारकर जेई पंकज सिंह यादव को बरामद कर लिया और ठेकेदार की तलाश में दबिश दी।
इस मामले में जेई पंकज यादव की तहरीर पर अपहरण सहित गंभीर मामलों में राजेंद्र सिंह यादव निवासी बयेपुर देवकली, थाना कोतवाली और उसके पुत्र अभिषेक यादव सहित नौ लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया। पुलिस ने राजेंद्र सिंह यादव और उसके पुत्र अभिषेक यादव को गिरफ्तार कर लिया।
ठेकेदार राजेंद्र सिंह का आरोप है कि जेई ने उससे 18 लाख रूपए एक कैबिनेट मंत्री के नाम पर लोक निर्माण विभाग का ठेका मैनेज करने के लिए लिया था लेकिन न तो पैसा मिला और न ही ठेका ही मैनेज हो पाया। उधर एसपी आशीष तिवारी ने बताया कि लेन देन का विवाद था। लेकिन ठेकेदार ने कानून के साथ खिलवाड़ किया। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।




DOWNLOAD APP