जौनपुर। खुटहन थाना क्षेत्र के सम्मनपुर गांव निवासी भाजपा नेत्री स‌रिता तिवारी की शुक्रवार को भूमि विवाद को लेकर पड़ोसियों ने पिटाई कर सोने की चेन लूट लिया। उन्होंने पिटाई के बाद घंटो कमरे में बंद कर प्रताड़ित करते रहे। मोबाइल फोन से भाजपा नेत्री ने पुलिस को सूचना भी दी। लेकिन घटना के डेढ़ घंटे बाद पुलिस पहुंची और फिर बिना कार्रवाई के लौट गई।
इससे आक्रोशित सरिता तिवारी कई महिलाओं के साथ थाने पर पहुंची और थाने के सामने सड़क पर लेट कर जाम लगा दिया। सड़क जाम के बाद पुलिस की परेशानी बढ़ गई। शाहगंज- प्रयागराज मार्ग पर यातायात पूरी तरह से दो घंटे तक बंद हो गया। सूचना पर पहुँचें क्षेत्राधिकारी शाहगंज अजय श्रीवास्तव के समझाने बुझाने के बाद भी वह नहीं मानी। आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी पर अड़ी रहीं। जिसके बाद पुलिस टीम गठित कर कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है।

सरिता तिवारी पत्नी बृजेश तिवारी अपने पति के साथ कानपुर रहती है। बदलापुर विधानसभा क्षेत्र से सरिता टिकट भी मांग रही थीं। उनके पति आरएसएस से लंबे समय से जुड़े है। उन्होंने अपने ससुराल में एक मकान का निर्माण शुरू कराया है। जिसको लेकर महीनों से उनका पड़ोसियों से विवाद चला आ रहा है। आरोप है कि शुक्रवार की सुबह वे अपनी बाउंड्ररी के भीतर बैठी थी। तभी पड़ोसी युवक ने उन पर लाठी डंडे से हमला कर दिया। गले से सोने की चेन भी छिन लिया। बगल मकान की छत से महिलाओं ने भी उन पर पत्थर फेंके। जिससे बचने को वे घर के कमरे मे भाग अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।
आरोप है कि दबंग पड़ोसियो के द्वारा बाहर से भी दरवाजा बंद कर उन्हें धमकाया जाने लगा। सरिता ने इसकी सूचना खुटहन एवं यूपी 100 की पुलिस को दी। लेकिन घंटों तक कोई नहीं पहुंचा। उन्होंने आरोप लगाया कि वहां पहुचने के बाद भी पुलिस ने कोई कार्यवाई नहीं कर उल्टे उन्हीं से मिलकर बात करने लगे। सीओ अजय श्रीवास्तव का कहना है पुलिस पूरी तरह से पीड़ित के साथ न्याय के पक्ष में है। सभी आरोपियो के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
उधर भाजपा नेत्री ने तीन महिला सहित आठ लोगों पर मारने पीटने एवं चेन लूटने का आरोप लगाया है। कहा है कि जब तक आरोपितो की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक सड़क पर लेटी रहेगी। पुलिस ने महिला सिपाहियों के साथ उठाकर मेडिकल परीक्षण के लिए भेजकर रास्ता साफ कराया।




DOWNLOAD APP