जौनपुर। जलालपुर थाना क्षेत्र के महरेंव गांव में भूमि विवाद को लेकर शुक्रवार को दोपहर एक वृद्ध की पीटपीटकर हत्या कर दी गई। जबकि दो लोग घायल हो गए। मृतक के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने सात के खिलाफ हत्या और बलवा का केस दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
महरेंव गांव निवासी राजदेव यादव (८०) और रामलोचन के बीच लंबे समय से जमीन का विवाद चल रहा है। शुक्रवार को दोपहर रामलोचन  और उनके परिवार के लोग खेत में कटीला तार लगाने के लिए सीमेंट के पोल गाड़ रहे थे। राजदेव और उनके परिवार के लोगों ने इसका विरोध किया। राजदेव का आरोप था कि पोल उनके खेत में गाड़ा जा रहा है। इसी बात पर मारपीट हो गई। मनबढ़ों की पिटाई से राजदेव की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उनके पुत्र अमरेश (५५) और पौत्र शुभम (१७) घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अमरेश की तहरीर पर पुलिस ने रामलोचन समेत उनके परिवार के सात लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस को दी गई तहरीर में अमरेश ने कहै है कि उनके वृद्ध पिता ने खेत में पोल गाडऩे से मना किया तो मनबढ़ों ने उनपर हमला बोल दिया। उन्हें तब तक पीटते रहे जबतक उनकी मौत नहीं हो गई। बचाव के लिए जब वह अपने बेटे के साथ पहुंचे तो उन्हें भी मारपीट कर घायल कर दिया गया।
सीओ केराकत रामभवन यादव का कहना है कि महरेंव गांव में चाचा भतीजा के बीच जमीन का विवाद काफी दिनों से चल रहा था। मारपीट के दौरान राजदेव की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी खोजबीन शुरू कर दी है।





DOWNLOAD APP