• शव को सड़क पर रखकर लोगों ने लगाया जाम, प्रशासन ने समझाया

  जौनपुर। सुजानगंज थाना क्षेत्र के शान्तिनगर में अनियंत्रित कार ने 4 लोगों को रौंद दिया जिन्हें उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान एक की मौत हो गयी जबकि अन्य तीनों जीवन और मौत से जूझ रहे हैं। क्षेत्रीय लोगों के अनुसार बीते शाम को एक कार अनियंत्रित होकर बाजार में सब्जी खरीदते समय 4 लोगों को रौंद दिया। इससे सभी घायल हो गये तथा बाजार में अफरा-तफरी मच गयी।

आनन-फानन में सभी को उपचार हेतु अस्पताल ले जाया गया जहां एक की मौत हो गयी जबकि अन्य जीवन और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं। वहीं मौत को लेकर आक्रोशित लोगों ने शनिवार को सुजानगंज-बेलवार मार्ग पर शव को रखकर चक्काजाम कर दिया। जानकारी होने पर पहुंची पुलिस के लाख समझाने के बावजूद भी जाम नहीं हटाया गया। समाचार लिखे जाने तक तहसीलदार मछलीशहर के कार्यवाही के आश्वासन दिये जाने पर जाम समाप्त हुआ। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अन्त्य परीक्षण हेतु भेज दिया।
जानकारी के अनुसार घायलों में सौरभ दुबे निवासी प्रेम का पूरा, मोबिन निवासी फूलपुर, राम मिलन निवासी घुरिपुर एवं राधे गुप्त निवासी रायपुर हैं जिनमें से राधे की मौत हो गयी। घटना की सूचना थानाध्यक्ष सुजानगंज संतोष पाठक द्वारा उच्चाधिकारियों को देने के बाद ज्वाइण्ट मजिस्ट्रेट सत्य प्रकाश व क्षेत्राधिकारी बदलापुर राजेन्द्र कुमार मौके पर पहुंचे और लोगों को हरसंभव योजनाओं का लाभ दिलाने के आश्वासन दिया जिसके बाद जामकर्ता मान गये। घटना के चालक कार मौके पर छोड़कर फरार हो गया जिसके बाद पुलिस कार को कब्जे में लेकर कार्यवाही में जुट गयी।




DOWNLOAD APP