जौनपुर। लोकसभा चुनाव में भाजपा जौनपुर सदर से फिल्म अभिनेता रवि किशन पर दांव लगा सकती है। ऐसी चर्चा राजनैतिक गलियारों में चल रही है। सूत्रों की माने तो रविकिशन को गोरखपुर, देवरिया और जौनपुर से लड़ने की हरी झंडी दी गई। जिसमें रविकिशन ने जौनपुर से लड़ने के लिए अपनी सहमति जताई है।

रवि किशन पिछले चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर लड़ चुके हैं। रविकिशन भी इस बात की पुष्टि करते हैं कि जौनपुर से उन पर चुनाव लडऩे के लिए समाज के विभिन्न वर्ग के लोगों के फोन आ रहे हैं। गृह जनपद होने के नाते चुनाव लडऩे के लिए जौनपुर उनकी पहली पसंद होगी।
केराकत तहसील के छोटे से गांव बराई बिसूई निवासी पंडित श्याम नारायण शुक्ल के घर में जन्मे रविंद्र नाथ शुक्ल उर्फ रविकिशन को बचपन से ही अभिनय करने का शौक था। उन्हें अभिनय का शौक कब हुआ उन्हें खुद याद नहीं है। जो भी हो जौनपुर की जातीय समीकरणों पर गौर करें तो भाजपा के लिए इस बार राह बहुत आसान नहीं है।
वैसे तो भाजपा से टिकट के लिए मुख्य दावेदारों में वर्तमान सांसद केपी सिंह, मनोज सिंह, मनीष शुक्ला, पूर्व विधायक सीमा द्विवेदी, पाणिनी सिंह आदि के नाम चल रहे हैं। सभी के समर्थक इन्हें टिकट मिलने का दावा भी कर रहे हैं। रविकिशन भाजपा में 19 फरवरी 2017 को शामिल हुए थे। उनके ही प्रयास से दिनेश लाल यादव निरहुआ भी भाजपा में ‌शामिल हुए हैं।





DOWNLOAD APP