सुइथाकला, जौनपुर। स्थानीय भिखनापुर(पट्टीनरेन्द्रपुर) निवासी विकास कुमार सिंह पुत्र हवलदार सिंह का पीसीएस परीक्षा परिणाम घोषित होने पर नायब तहसीलदार पद पर चयन होने से क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। सम्प्रति विकास सिंह आजमगढ़ जनपद में बतौर आपूर्ति निरीक्षक के पद तैनात हैं।

इनकी प्रारम्भिक शिक्षा गाँव के ही प्राथमिक विद्यालय में हुई। नेशनल इण्टरमीडिएट पट्टीनरेन्द्रपुर से इण्टरमीडिएट तक की शिक्षा ग्रहण करने के उपरांत ग्रामीण अंचल में ही स्थित गांधी स्मारक पीजी कालेज समोधपुर से स्नातक एवं परास्नातक प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण किया। अवध विश्वविद्यालय फैजाबाद से बीएड की डिग्री हासिल करने के बाद 2006 में इनका चयन माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड से सहायक अध्यापक के पद पर हुआ।
शिक्षण कार्य करते हुए इन्होंने अपनी पढ़ाई जारी रखी और 2014 में पुनः इनका चयन आपूर्ति निरीक्षक के पद पर हो गया। वर्तमान में आपूर्ति निरीक्षक के पद पर अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए इन्होंने अपने अध्ययन का क्रम जारी रखा और दृढ़ इच्छाशक्ति, कठिन परिश्रम तथा लगन के बल पर पुनः पीसीएस परीक्षा में सफलता का परचम लहराते हुए नायब तहसीलदार के पद चयनित हुए।
विकास सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता तथा अग्रज विजय सिंह सहायक अध्यापक(इण्टर कालेज रवनियां) को दिया है। नायब तहसीलदार पद पर चयन होने से क्षेत्र लोगों ने हर्ष प्रकट करते हुए शुभकामनायें दी है।




DOWNLOAD APP