जौनपुर। बरसठी थाना क्षेत्र के सोनाई गांव में रविवार की रात धर्म परिवर्तन कराने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने चारपहिया वाहन सवार तीन लोगों की पिटाई कर दी। तीनों वाहन छोड़कर फरार हो गए। ग्रामीणों ने वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया।

सोनाई गांव निवासी विजय दुबे के घर रात में एक चार पहिया वाहन से तीन लोग पहुंचे थे। गांव के लोगों का आरोप है कि गांव में स्थित एक घर पर धर्म परिवर्तन कराने वाले लोगों का आना जाना रहता है। अक्सर वे रात में ही आते हैं। गांव के लोग ताक में थे। रात में करीब नौ बजे एक चार पहिया वाहन गांव निवासी विजय दुबे के घर पर आकर रुका तो गांव के लोगों ने घेर लिया। उसमें सवार तीन लोगों की पिटाई कर दी। अंधेरे में तीनों गाड़ी छोड़कर फरार हो गए। ग्रामीणों ने चार पहिया वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया।
गांव निवासी विजय दुबे ने मारपीट और गाड़ी क्षतिग्रस्त करने की तहरीर दी। पुलिस ने गांव के बृजेश सिंह, सोहन सिंह, रत्नाकर दुबे के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसपी ग्रामीण संजय राय का कहना है कि गांव के लोगों का आरोप है कि वाहन में सवार लोग धर्म परिवर्तन कराने आए थे जबकि जिसके घर लोग आए थे उनका कहना है कि आपसी रंजिश को लेकर मारपीट की गई और उनके घर उनके साथियों का वाहन क्षतिग्रस्त कर दिया गया। पुलिस केस दर्ज कर घटना की छानबीन कर रही है।



DOWNLOAD APP