जौनपुर। महराजगंज थाना क्षेत्र के सवंशा गांव में सोमवार की देर शाम आई बारत में डीजे पर डांस को लेकर घराती और बरातियों में मारपीट हो गई। जिसमें घराती पक्ष के चार और तकरीबन इतने ही बराती भी घायल हो गए। मारपीट की सूचना पर पहुंची डायल १०० की गाड़ी पर उपद्रवियों ने पथराव कर दिया। सूचना पर थाने से फोर्स पहुंची तो पथराव करने वाले फरार हो गए। अधिकतर बराती भी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने चार लोगों को मौके से हिरासत में ले लिया। जिन्हें शाम तक बिना किसी कार्रवाई के थाने से छोड़ दिया गया।

सवंशा गांव निवासी पप्पू बिंद की बेटी की शादी थी। बारात जौनपुर शहर के जोगियापुर मोहल्ले से आई थी। द्वारपूजा के मौके पर बराती डांस कर रहे थे। इसी दौरान घराती पक्ष से भी कुछ युवक डांस करने लगे। डीजे पर मन पसंद गाना बजाने को लेकर विवाद हो गया। जिसे लेकर मारपीट हो गई। दोनों तरफ से लाठी डंडे, ईट पत्थर चले। जिसमें घराती पक्ष के पिन्टू (35) निवासी मुगवा सुल्तानपुर, गुलाब (36), मैनबहादुर (38) और अजीत (24) निवासी सवंशा घायल हो गए।
करीब इतने ही लोग घराती पक्ष से भी घायल हो गए। लेकिन बराती मौके से फरार हो गए। जिससे घायल बरातियों का नाम पता नहीं चल सका है। मारपी की सूचना पर डायल १०० पुलिस पहुंची तो कुछ लोगों ने पुलिस की गाड़ी पर पथराव कर दिया। सूचना पर थानाध्यक्ष हरिनाथ भारती फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस के पहुंची तो मारपीट करने वाले फरार हो चुके थे।
इस संबंध में थानाध्यक्ष महराजगंज हरिनाथ भारती का कहना है कि किसी ने कोई तहरीर पुलिस को नहीं दी है। उन्होंने किसी को हिरासत में लिए जाने से भी इनकार किया है। जबकि सीओ सिटी नृपेंद्र का कहना है कि घटना की जानकारी मिली है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।




DOWNLOAD APP