• पूर्व केन्द्रीय गृह राज्यमंत्री ने डण्डा जी की प्रतिमा का किया अनावरण
  • प्रबंधक संजय सिंह ने 200 गरीबों में बांटा कम्बल

जौनपुर। पूर्व केन्द्रीय गृह राज्यमंत्री स्वामी चिन्मयानन्द ने गजराज सिंह इण्टर कालेज जमुनियां के संस्थापक तेज बहादुर सिंह डण्डा की प्रतिमा का अनावरण और सभा कक्ष का उद्घाटन किया। तत्पश्चात् कहा कि स्व. सिंह का ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा के विकास में अतुलनीय योगदान रहा है।

उन्होंने स्व. डण्डा को मिलनसार व्यक्तित्व का बताते हुये कहा कि उनका सभी राजनैतिक दलों से मधुर सम्बन्ध रहा है। वे शिक्षा के साथ ऊंची राजनैतिक पकड़ रखते थे। इसके बाद भी वे कभी पद की लालसा नहीं करते थे। उनका कृतित्व हम सभी के लिये सदैव अनुकरणीय रहेगा। इसी क्रम में पूर्व विधायक सुरेन्द्र प्रताप सिंह, टीडीपीजी कालेज के प्रबन्धक अशोक सिंह ने स्व. डण्डा को शैक्षिक, अनुशासन प्रिय और वित्तीय मामलों का भी वेत्ता बताया तो विशिष्ट अतिथि पूर्व मंत्री शैलेन्द्र यादव ललई, भाजपा नेता दिनेश सिंह, मनोज सिंह, टीडी कालेज के पूर्व प्राचार्य राधेश्याम सिंह, पूर्व न्यायायिक मजिस्ट्रेट विनय सिंह, मुम्बई के कांग्रेस नेता चित्रसेन सिंह, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष ईश्वरदेव सिंह सहित अन्य वक्ताओं ने उनके कृतित्व पर प्रकाश डाला।
इस दौरान विद्यालय के प्रबन्धक व स्व. डण्डा के पुत्र संजय सिंह ने 200 गरीबों को कम्बल वितरित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुये पूर्व कुलपति डा. कीर्ति सिंह ने स्व. डण्डा की शिक्षा के क्षेत्र की उपलब्धियों को खूब सराहा। कार्यक्रम का संचालन देवेन्द्र तिवारी ने किया। अन्त में प्रधानाचार्य अतुल सिंह ने समस्त आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विकास सिंह, नीरज सिंह, क्षेमेन्द्र सिंह, रवि प्रकाश सिंह, राजन सिंह, राजीव सिंह, सुजीत सिंह, योगेश कुमार, अनिल जायसवाल सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।







DOWNLOAD APP