• चेयरमैन ने सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीन का किया उद्घाटन
  • स्वस्थ नारी एवं स्वस्थ समाज का निर्माण ही उद्देश्यः प्रीति गुप्ता

जौनपुर। सखी वेलफेयर फाउण्डेशन का शुभारम्भ नगर के गुलाबी देवी बालिका इण्टरमीडिएट कालेज कन्हईपुर में बालिकाओं को सेनेटरी पैड के इस्तेमाल के प्रति जागरूक करते हुये निःशुल्क वितरण के साथ किया गया।
इसके पहले मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष माया दिनेश टण्डन, अति विशिष्ट अतिथि शशि मौर्या सदस्य राज्य महिला आयोग, विशिष्ट अतिथि जिला कार्यक्रम समन्वयक (महिला समाख्या) रजनी सिंह, नारी शक्ति संस्थान आजमगढ़ की सचिव डा. पूनम तिवारी, डा. प्रिया पाटिल स्त्री रोग विशेषज्ञ ने मां सरस्वती के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलन के बाद माल्यार्पण करके कार्यक्रम का शुभारम्भ किया।
सस्थाध्यक्ष प्रीति गुप्ता ने फाउण्डेशन के उद्देश्यों को बताते हुये कहा कि भारतीय समाज में मासिक धर्म जैसे संवेदनशील मुद्दों पर बात करना सदैव से निषेध रहा है। फाउण्डेशन इसी विषय पर कार्य करके स्वस्थ नारी एवं स्वस्थ समाज का निर्माण करना चाहती है। इसी क्रम में पालिकाध्यक्ष माया दिनेश टण्डन ने विद्यालय परिसर में संस्था द्वारा लगाये गये सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीन का उद्घाटन करते हुये कहा कि फाउण्डेशन द्वारा ‘नई सोच नई उड़ान’ पहल के तहत आरम्भ किये गये मुहिम का वह पूर्ण समर्थन करती हैं।
जिला कार्यक्रम समन्वयक रजनी सिंह ने महिला व बाल कल्याण से सम्बन्धित सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुये कहा कि हमें इस अनछुए पहलू पर काफी जागरुकता फैलाना आवश्यक है। राज्य महिला आयोग की सदस्य शशि मौर्य ने कहा कि नारी सशक्तिकरण के लिये एक स्वस्थ नारी का होना अत्यन्त आवश्यक है। डा. पूनम तिवारी ने बालिकाओं में नई ऊर्जा का संचार किया। डा. प्रिया पाटिल ने पीरियड्स के दौरान साफ-सफाई रखने एवं पैड का उपयोग न करने की हानियों के बारे में बताया। अन्त में फाउण्डेशन की सखियों ने उपस्थित बालिकाओं को सेनेटरी पैड का वितरण किया। विद्यालय के प्रबंधक उदयराज सिंह ने कहा कि हमारे विद्यालय से शुरू हुई यह मुहिम जनपद ही नहीं, बल्कि पूरे देश में अपनी पहचान बनायेगी।

कार्यक्रम का संचालन फ्रेंड्स ग्रुप ट्रस्ट के संचालक सलमान शेख ने किया। अन्त में डा. तसनीम फातिमा ने समस्त आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर महासचिव अंजू पाठक, सचिव श्रद्धा जायसवाल, कोषाध्यक्ष तूलिका श्रीवास्तव, पिंकी जायसवाल, स्वर्णिमा जायसवाल, तसनीम जैदी, प्रियंका पाण्डेय, पूनम जायसवाल, मिनाज शेख, सुजाता जायसवाल, आकांक्षा द्विवेदी, साधना साहू, लक्ष्मी शर्मा, प्रीति अजय गुप्ता, सीमा साहू, सविता गुप्ता, चेतना साहू, वंदना गुप्ता, एकता गुप्ता, ज्योति जायसवाल, अमित श्रीवास्तव, विद्याधर राय विद्यार्थी, राजेश गुप्ता, उदय सिंह, डा. मिशोरी लाल, अनिल गुप्ता, मो. मुस्तफा, अतुल जायसवाल, राकेश अस्थाना, राज सैनी, विक्रम गुप्ता, दीपक सिंह सहित तमाम लोग उपस्थित थे।





DOWNLOAD APP