जौनपुर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने आगामी लोकसभा चुनाव 2019 की तैयारी में उत्तर प्रदेश के बूथ प्रबंधन पर जोर दिया। शुक्रवार को तिलकधारी पीजी कॉलेज में आयोजित बूथ सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि काशी अपने आप में बेमिसाल है। जहां काशी-प्रयाग दोनों हों वह धरती अपने आप में गौरवशाली है। 
उन्होंने कहा कि 2019 का चुनाव भाजपा ही नहीं देश के लिए भी जरूरी है। एक ओर भ्रष्टाचार का गठबंधन है तो दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की टोली है। इस बार का चुनाव 50 वर्ष तक देश की बुलंदी का झंडा फहराने वाला चुनाव होगा। 55 वर्ष तक गरीबों को यह नहीं लगा कि वह आजाद देश में हैं लेकिन 55 महीने में भाजपा सरकार ने गरीबों के घर में भोजन पहुंचाया। भाजपा ने छह करोड़ घर में गैस कनेक्शन, आठ करोड़ घर में शौचालय और ढाई करोड़ घरों में बिजली दी। 
उन्होंने कहा कि क्षेत्र कैसे बनता है, काशी जाकर देख लें। दुनिया को दिखाने का काम नरेंद्र मोदी ने किया। किसानों, मछुआरों, छोटे व्यापारियों को इनकम टैक्स की छूट, राम जन्मभूमि न्यास को वापस देने का काम मोदी सरकार ने किया। भव्य राम मंदिर बने यह भी भाजपा का एक अहम संकल्प है। इस मामले में तो अब उच्चतम न्यायालय में सुनवाई होने लगी। 
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी, अखिलेश यादव, मायावती से पूछता हूं कि मंदिर बने या न बनें। मैं स्पष्ट कर दे रहा हूं कि मंदिर बनना चाहिए। छोटे दलों के आने से कोई फर्क नहीं पड़ेगा। मुझे आप पर भरोसा है। मतगणना के साथ गठबंधन का खेल भी समाप्त होगा। यूपी में भाजपा 74 सीट जीतेगी। भाजपा ने उत्तर प्रदेश को निजामों से मुक्त कराया है। निजाम की जगह अब जनता का राज है। भूमाफिया से मुक्ति का काम हमारी सरकार ने किया। आज महिलाएं सुरक्षित हैं। पूर्वांचल से माफियाओं को भगाया। यहां पर अब माफिया की जगह पूर्वांचल एक्सप्रेस बन रहा है। उन्होंने पाक में सर्जिकल स्ट्राइक की भी जमकर चर्चा की।