मड़ियाहूं, जौनपुर। राज्यस्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन रविवार को स्थानीय नगर के चण्डिका माता मंदिर पर किया गया। जिसमें उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों से आये पहलवानों ने अपने अपने दांव पेंच आजमाये।
नगर पंचायत अध्यक्ष रुखसाना ने फीता काटकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। मुख्य अतिथि गिरीश चंद यादव का आयोजक मंडल द्वारा माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। इस  दौरान हनुमान गढ़ी अयोध्या के पहलवान बाबा बजरंगी दास ने दिल्ली के लोरिक को चित्त किया तो जौनपुर के शमशेर ने मध्य प्रदेश के विनोद पहलवान को आसमान दिखाया।
इरफान फैजाबाद ने प्रयागराज के अनिल को, असलम रामपुर ने गोरखपुर के वीरेंद्र को धूल चटाई। कुश्ती प्रतियोगिता में बसनी बड़ा गांव के पहलवान महाबली, झांसी के संतोष और दिल्ली के नेहरू आदि की कुश्ती बड़ी ही रोमांचक रही। आयोजक हारिस खान ने निर्णायक की भूमिका निभाई। संचालन अताउल्लाह खान ने किया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से संरक्षक ईशा फारुकी, भाजपा युवा नेता विनोद सेठ, सभासद राजेंद्र प्रसाद, राहुल गुप्ता, शाहजहां, जहांगीर आलम सहित सैकड़ों की संख्या में लोग उपस्थित रहे।