18 फरवरी को लखनऊ जेल को भर देंगेः अमित सिंह
जौनपुर। संयुक्त संघर्ष संचालन समिति एस 4 के आह्वान पर मंगलवार को जनपदीय संयोजक/प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अमित सिंह के नेतृत्व में प्राथमिक शिक्षकों ने जेल भरो आन्दोलन के तहत भारी संख्या में कलेक्ट्रेट परिसर में उपस्थिति दर्ज करायी। 
इस मौके पर माध्यमिक शिक्षा परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष रमेश सिंह ने कहा कि पुरानी पेंशन की इस लड़ाई में माध्यमिक शिक्षक संघ पूर्ण रूप से साथ है। जिलाध्यक्ष अमित सिंह ने कहा कि विगत कई महीनों से एस 4 के बैनर तले पुरानी पेंशन बहाली हेतु जनपद से लेकर लखनऊ तक धरना-प्रदर्शन चला। प्रदेश नेतृत्व से प्रदेश सरकार से कई दौर की बातें भी हुईं लेकिन उनका कोई सार्थक हल नहीं निकला। सरकार की कथनी व करनी में बहुत अन्तर है। जब यह स्पष्ट हो गया कि पुरानी पेंशन को लेकर सरकार की नियत साफ नहीं है तो मजबूर होकर हम लोगों को जेल भरो आन्दोलन करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि जेल भरो आंदोलन के क्रम में आगामी 18 फरवरी को प्रदेश के सभी शिक्षक व कर्मचारी लखनऊ उपस्थित होकर अपनी गिरफ्तारी देंगे और लखनऊ जेल को भर देंगे। इसी क्रम में पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के जनपदीय अध्यक्ष सुशील उपाध्याय, माध्यमिक शिक्षक संघ प्रदेश मंत्री राकेश सिंह सहित अन्य वक्ताओं ने अपना विचार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन जिला मंत्री संजय सिंह ने किया।
 इस अवसर पर राजेश टोनी, अर्चना सिंह, दिवाकर चौहान, दशरथ, प्रदीप सूर्या, हेमंत सिंह, अतुल सिंह, सतीश पाठक, संतोष बघेल, अर्चना सिंह, सरोज सिंह बक्सा, मनीष सोमवंशी, भूपेश सिंह, राजीव रत्नम तिवारी, मीरा रजक, अर्चना रानी, अभिषेक सिह, संतोष, रामसिंह राव, शैलेन्द्र सिंह, दिनेश सिंह, अर्चना पाण्डेय, रेखा यादव, शालिनी गुप्ता, रेखा यादव, डा. अनुज, सौम्या सिंह, प्रियंका मिश्रा, दीपिका अस्थाना, अंजुलता, सीमा सिंह, रितु चतुर्वेदी, सन्तोष प्रजापति, अजय सिंह, धीरज कश्यप, ममता श्रीवास्तव, आशा देवी सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।