जौनपुर। जफराबाद थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव में शुक्रवार की रात  लाठी डंडे से पीटपीट कर पिता पुत्र की हत्या कर दी गई। पुलिस ने केस दर्ज कर दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और दो हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। 

जगदीशपुर गांव निवासी प्रसिद्ध नारायण सिंह(८५) और उनके दो बेटे गोरखनाथ सिंह (५०) व सुभाष सिंह (४५) शुक्रवार की रात में घर से तकरीबन पांच सौ मीटर दूर वाराणसी-सुल्तानपुर हाईवे के किनारे स्थित पाही पर सो रहे थे। रात में करीब ११ बजे तीन की संख्या में आए लोगों ने पैसे के लेनदेन के विवाद में गाली गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।  दोनों भाइयों और उनके पिता को लात घूंसों व डंडे से पीटकर घायल कर दिया।
तीनों को बेहोशी की हालत में छोड़कर हमलावर फरार हो गए। भोर में करीब तीन बजे सुभाष सिंह को होश आया तो उन्होंने फोन कर घर वालों को सूचना दी। सूचना पर गांव वालों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने देखा तो गोरखनाथ सिंह की मौत हो चुकी थी। घायल सुभाष सिंह और उनके पिता प्रसिद्ध नारायण का एक निजी चिकित्सालय ले जाया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोरखनाथ सिंह के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस केस दर्ज करने की तैयारी कर रही थी तभी दोपहर में करीब एक बजे प्रसिद्ध नारायण सिंह की भी मौत हो गई। पिता पुत्र दोनों की मौत से घर में जहां कोहराम मच गया वहीं पुलिस महकमें में हड़कंप मच गया। 
थानाध्यक्ष जफराबाद व सीओ सिटी नृपेंद्र मौके पर पहुंच गए।  पुलिस ने दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक गोरखनाथ सिंह के पुत्र सावन सिंह की तहरीर पर पुलिस ने गुड्डू सिंह निवासी जगदीशपुर, दीपक यादव निवासी अज्ञात समेत तीन के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर गुड्डू सिंह व दीपक को गिरफ्तार कर लिया है। 
एसपी सिटी अनिल पांडेय का कहना है कि शराब के नशे में मारपीट हुई थी। प्रसिद्ध नारायण के शरीर पर खास चोट के निशान नहीं मिले हैं। उनकी मौत बेटे की मौत के  सदमें में भी हो सकती है। फिलहाल दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।