• 31 जनवरी को होगा श्रीराम चरित मानस कथा प्रवचन का आयोजन
  • काशी से आए विद्वान व अन्य प्रेमीजन मानस पाठ में लेंगे हिस्सा

जलालपुर, जौनपुर। सिद्धेश्वर महादेव छतरीपुर पराऊगंज का 29वां स्थापना दिवस 31 जनवरी को मनाया जाएगा। इस मौके पर भगवान शिव का दुग्धाभिषेक किया जाएगा। एक दिन पूर्व बुधवार से श्रीराम चरित मानस का प्रारम्भ होगा। इसमें काशी से आए विद्वान व मानस प्रेमी भाग लेंगे। तत्पश्चात गुरुवार को श्रीराम चरित मानस पर कथा वाचक डा. प्रकाश चन्द्र पाण्डेय विद्यार्थी प्रवचन करेंगे। भण्डारा के बाद कार्यक्रम का समापन होगा। समापन के मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश महामंत्री व नोयडा विधायक पंकज सिंह तथा विशिष्ठ अतिथि एमएलसी लक्ष्मण आचार्य व विधायक दिनेश चौधरी होंगे।
सिद्धेश्वर महादेव ट्रस्ट के अध्यक्ष सुरेन्द्र प्रताप सिंह व सचिव गिरेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि मंदिर की स्थापना का इतिहास बड़ा रोचक है। वर्ष 1982 में बसंत पंचमी के दिन अयोध्या के संतों के साथ मां तारापीठ के पुजारी श्री 1008 लाल बाबा महराज छतरीपुर गांव में आए थे। वह लोग जब जाने लगे तो फतेहबहादुर सिंह रोने लगे।
लाल बाबा ने कारण पूछा तो उन्होंने बताया कि मेरे तीन पुत्रों में एक के पास कोई औलाद नहीं है। इतना सुनकर लाल बाबा घर से पूरब दिशा में चले गए। बगल स्थित एक स्थान पर खड़े हो गए। बोले कि यह सिद्धपीठ है। यहां भगवान शिव का मंदिर बने और उसका नाम सिद्धेश्वर महादेव रखा जाए तो कल्याण हो सकता है। बाबा के वचन सुन मंदिर निर्माण की तैयारी शुरू कर दी। शिव की कृपा से 20 अक्टूबर 1983 को उनकी मनोकामना पूरी हो गई। 31 जनवरी 1990 को लाल बाबा ने अनुष्ठान कर मंदिर का लोकार्पण किया।
मंदिर के व्यवस्थापक नितिन सिंह, किरन सिंह व रीना सिंह ने बताया कि भंडारा का उद्घाटन मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश महामंत्री नोयडा विधायक पंकज सिंह, एमएलसी लक्ष्मण आचार्य, विधायक दिनेश चौधरी करेंगे। ट्रस्ट के सदस्य शिशिर कुमार सिंह, संतोष कुमार सिंह, ऋषभ सिंह, ऋषि सिंह अन्य व्यवस्था में जुटे हैं।



DOWNLOAD APP