जौनपुर। महराजगंज थाना क्षेत्र के मजीठी गांव से प्रेमी के साथ फरार विवाहिता ने सोमवार को महराजगंज थाने में अपने प्रेमी के साथ शादी रचाई। थाने में देर तक चली पंचायत में दोनों एक दूसरे के साथ शादी की जिद पर अड़े रहे। दोनों की जिद के आगे विवाहिता के ससुराल और मायके के लोग भी विवश होकर दोनों की शादी के लिए सहमति दे दी। दोनों पक्षों की मौजूदगी में थाने में दोनों ने एक दूसरे के गले में जयमाल डालकर साथ जीने मरने की कसमें खाई।

बदलापुर थाना क्षेत्र के मछलीगांव निवासी सुमन की शादी महराजगंज थाना क्षेत्र के मजीठी गांव निवासी विनय कुमार बिंद के साथ 10 जून 2018 को हुई थी। मजीठी गांव निवासी विनय का दोस्त शशिकांत का उसके घर आना जाना था। इस दौरान शशिकांत और विनय की पत्नी सुमन से बातचीत होने लगी। बातचीत के साथ ही दोनों एक दूसरे के करीब आ गए। 14 जनवरी की रात दोनों घर से फरार होकर दिल्ली पहुंच गए। शशिकांत सुमन को लेकर दिल्ली में अपने भाई के पास पहुंच गया। 15 जनवरी को सुमन के मायके और ससुराल वालों ने भी थाने में अलग अलग तहरीर दी। लड़की के मायके और ससुराल के लोगों ने दबाव बनाया तो शशिकांत दो दिन पहले सुमन को लेकर घर आ गया।
सोमवार को दोनों पक्ष के लोग थाने पहुंचे। जहां देर तक पंचायत चली। पंचायत में भी दोनों एक दूसरे के साथ रहने की जिद पर अड़े रहे। लड़की के मायके और ससुरालवालों ने भी दोनों के एक साथ रहने की सहमति जता दी। थाने में ही दोनों ने एक दूसरे के गले में जयमाल डालकर शादी रचाई। इस दौरान ग्राम प्रधान विनोद मिश्रा, सचिन सिंह, बृजेश यादव, रामसागर मनीराम बिंद अच्छे लाल बिंद, नंदलाल सरोज, पूर्व वीडीसी उदयराज आदि मौजूद थे।




DOWNLOAD APP