जौनपुर। समाजवादी पार्टी के विकास विजन व सामाजिक न्याय कार्यक्रम के दूसरे दिन मंगलवार को ग्रामीणांचलों से लेकर शहर तक कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम किया। जिलाध्यक्ष लाल बहादुर यादव के नेतृत्व में शहर में नईगंज वार्ड के तमाम जगहों पर कार्यक्रम चलाकर लोगों को सपा की नीतियों को बताया गया।
  उधर शाहगंज विधानसभा में विधायक शैलेन्द्र यादव ललई के नेतृत्व में बताया गया कि केन्द्र सरकार ने बीते लोकसभा चुनाव में वादा किया था कि बेरोजगारों को नौकरी देगी। नौकरी तो नहीं दिया, अलबत्ता व्यापारियों के कमर टूटने वाला कानून जीएसटी लगाकर परेशान करने का काम जरूर किया। इतना ही नहीं, नोटबंदी करके देश को बर्बाद करने का भी काम किया। श्री यादव ने कहा कि किसान आज तमाम समस्याओं से जूझ रहा है। 15 लाख रूपये खाते में देने का वादा किया था, सरकार वह वादा भी भूल गयी। काला धन लाने को कहा गया था, वह कहीं नहीं दिख रहा है।
जौनपुर के शाहगंज विस क्षेत्र में सपा के विकास कार्यों
की जानकारी देते विधायक शैलेन्द्र यादव ललई।
  उधर मल्हनी विधानसभा में विधायक पारसनाथ यादव के नेतृत्व में कार्यक्रम किया गया जहां उन्होंने कहा कि आज सीमा के जवान सुरक्षित नहीं हैं। पेट्रोल व डीजल के दाम चरम सीमा पर हैं। चहुंओर भ्रष्टाचार और लूट है। पिछड़ों को ठगने का काम सरकार कर रही है। श्री यादव ने कहा कि हर विधानसभा में गांव-गांव जाकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता अपनी सरकार के बारे में बता रहे हैं। साथ ही आने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर लोगों से जनसम्पर्क कर रहे हैं। इस दौरान सपाजन भाजपा की पोल खोल रहे हैं। पिछड़ों को जगाने का काम समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता कर रहे हैं।
  इसी क्रम में समाजवादी पार्टी के जिला महासचिव हिसामुद्दीन शाह ने नगर के कई क्षेत्रों में भ्रमण करके भाजपा की जन विरोधी कार्यों को बताया। साथ ही अखिलेश यादव के कार्यकाल में किये गये विकास कार्याें को बताया। इस अवसर पर तमाम लोगों की उपस्थिति रही।




DOWNLOAD APP