जौनपुर। भोजपुरी स्पीकिंग यूनियन मॉरीशस की चेयरमैन डॉ. सरिता बुधु गणतंत्र दिवस के मौके पर जिले के कई कार्यक्रमों में भाग लिया।
द स्टार क्लब शाहगंज द्वारा गणतंत्र दिवस पर आयोजित एक शाम शहीदों के नाम कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य अतिथि डा. सरिता बुधु रहीं। विशिष्ट अतिथि गायक रवीन्द्र सिंह ज्योति और राजकुमार सिंह पत्रकार रहे।
मुख्य अतिथि डा. बुधु ने भारत और मारीशस के बीच रिश्तों के बारे में बताते हुये भारत को विश्वगुरु बनाने पर जोर दिया। साथ ही युवाओं को भारतीय लोक परम्पराओं को सहेज कर रखने की नसीहत दी। उन्होंने बच्चों द्वारा प्रस्तुत किये गये कार्यक्रम की सराहना की।
विश्वकर्मा शिक्षा निकेतन शाहगंज के बच्चों के शानदार प्रस्तुतीकरण की प्रशंसा की। भोजपुरी गायक रविन्द्र सिंह ज्योति ने अपने गीतों को सुनाकर श्रोताओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। संस्था के अध्यक्ष उमेन्द्र सिंह ने अतिथियो को माल्यार्पण कर अंगवस्त्रम देकर सम्मानित किया। संचालन विवेक गुप्ता ने किया।
वहीं ज्ञान हंस इंटर कॉलेज खुदौली में मुख्य अतिथि भोजपुरी स्पीकिंग यूनियन मारीशस की चेयरमैन डॉ. सरिता बुधु ने बच्चों को पुरस्कृत किया। विशिष्ट अतिथि भोजपुरी गायक रविन्द्र सिंह ज्योति और पत्रकार राजकुमार सिंह रहे। विद्यालय परिवार की तरफ से बृजेश कुमार सिंह, उमेश कुमार सिंह, संतोष कुमार श्रीवास्तव आदि ने अतिथियों का स्वागत किया।
सिद्दीकपुर स्थित मां दुर्गाजी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में भोजपुरी विकास मंच मारीशस की चेयरमैन डॉ. सरिता बुद्धु ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने कहा कि जो निडर होगा वही लीडर होगा। आने वाले दिनों में भारत नंबर वन होगा। विद्यालय के डायरेक्टर डॉ. सूर्य प्रकाश सिंह मुन्ना, डिप्टी डायरेक्टर सूर्यांश प्रकाश सिंह, प्रधानाचार्य अशोक कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।





DOWNLOAD APP