• अपने सपनों एवं संकल्पों को साकार करने के लिये आगे आयें बेटियांः बृजेश सिंह
  • मां शारदा बालिका विद्यालय का वार्षिकोत्सव रंगारंग कार्यक्रमों के साथ सम्पन्न

  जौनपुर। मां शारदा इण्टरमीडिएट बालिका विद्यालय खानापट्टी का वार्षिकोत्सव समारोह रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ सम्पन्न हुआ। छात्राओं ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से नारी सशक्तिकरण पर बल दिया तो एकांकी के जरिये भ्रूण हत्या, दहेज प्रथा जैसे सामाजिक कुरीतियों पर प्रहार किया। पंजाबी, मराठी, गुजराती, डाण्डिया, देशभक्ति, लोक नृत्य, कत्थक नृत्य, बासंतिक गीत, नृत्य जैसे एक से बढ़कर एक मनोहारी कार्यक्रम प्रस्तुत कर अपने हुनर का लोहा मनवाते हुये लोगों को भाव-विभोर कर दिया।
कक्षा 12 की छात्रा खुशी उपाध्याय को तिलकधारी सिंह सर्वोत्कृष्ट बालिका पुरस्कार सहित 20 अन्य छात्राओं को आदर्श बालिका पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि समाजसेवी ज्ञान प्रकाश सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत किया। तत्पश्चात् उन्होंने ढाई सौ जरूरतमन्दों को कम्बल वितरित किया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि शिक्षित समाज के निर्माण की कल्पना बेटियों को शिक्षित किये बिना नहीं की जा सकती। हर बेटी शिक्षित हो सके, यह जिम्मेदारी समाज के हर वर्ग की है। इसके लिये सभी को मिल कर काम करना चाहिए।
समापम व पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह ने कहा कि खुशहाल समाज के निर्माण व अपने सपनों एवं संकल्पों को साकार करने के लिये बेटियां स्वयं आगे आयें। उन्होंने युगपुरूष स्वामी विवेकानन्द के नाम से विद्यालय में एक पुस्तकालय बनवाने की घोषणा किया।
इस दौरान विद्यालय के प्रबंधक जगदीश नारायण सिंह एडवोकेट ने सभी अभ्यागतों का स्वागत करते हुये विद्यालय के वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत किया। साथ ही विद्यालय के संस्थापक विजय बहादुर सिंह, अध्यक्ष डा. जोखन सिंह व विद्यालय के संचालक अमित सिंह ने मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों को समृति चिन्ह भेंट किया।
समारोह को माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष रमेश सिंह, पूर्व प्रमुख सुधाकर उपाध्याय, समाजसेवी डा. दृगेश यादव, डा. राकेश मिश्र, माउण्ट लिट्रा जी स्कूल के निदेशक अरविन्द सिंह, लल्लन उपाध्याय, अश्विनी सिंह, साहब लाल यादव, डा. उदय सिंह, उमेश यादव, राजेश सिंह, सन्तोष बघेल सहित अन्य वक्ताओं ने अपना विचार व्यक्त किया। समारोह की अध्यक्षता समाजसेवी हीरा सिंह व संचालन डा. दुष्यंत सिंह ने किया। प्रधानाचार्य शरद सिंह ने समस्त आगन्तुकों के प्रति आभार ज्ञापित किया।
इस अवसर पर रामचन्द्र सिंह, श्रवण यादव, दिलीप सिंह, अश्वनी सिंह, कविता सिंह, अजय गुप्ता, प्रगति सिंह, राजकुमार जायसवाल, राहुल यादव, सन्तोष उपाध्याय,  विवेक मिश्रा, अर्चना सिंह, अतुल गौड़, प्रवीण सिंह, सौरभ सिंह सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।






DOWNLOAD APP