मुंबई। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री पर फिल्मकार विवेक अग्निहोत्री फिल्म बना रहे हैं। उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा था कि स्वतंत्र भारत के सबसे बड़े रहस्य पर बनने वाली फिल्म के लिए जरूरी है कि हम महान कलाकारों के साथ विश्वसनीयता से काम करें। इस फिल्म में नसीरुद्दीन शाह और मिथुन चक्रवर्ती नजर आएंगे। इस फिल्म का नाम द ताशकंद फाइल्स है। द ताशकंद फाइल्स नामक फिल्म रूस में देश के दूसरे प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की रहस्यमय परिस्थितियों में हुई मौत के बारे में है।
अग्निहोत्री ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी और जॉर्ज फर्नांडीस जैसे शीर्ष राजनेताओं समेत कई लोगों ने शास्त्री की मृत्यु के पीछे के रहस्य को उजागर करने की आवश्यकता पर अपनी राय व्यक्त की थी।
निर्देशक ने बताया 10 जनवरी 1966 को शास्त्री ने ताशकंद समझौते पर हस्ताक्षर किया था... और कुछ ही घंटों बाद उनकी मृत्यु हो गई। उस मृत्यु का रहस्य आज तक अनसुलझा है। क्या उनको दिल का दौरा पड़ा था या उन्हें जहर दिया गया था? सबसे बड़े रहस्य का सच उनके परिवार और हम लोगों को अब तक नहीं बताया गया। उन्होंने कहा कि भारत के पास शास्त्री की मौत के पीछे के रहस्य को उजागर करने के लिए कोई जानकारी और दस्तावेज उपलब्ध नहीं है।
इस मुद्दे को पिछले 50 वर्षों से संसद में उठाया जा रहा है और अभी तक हम सच्चाई का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आरटीआई मांगने पर जवाब दिया गया कि इससे संबंधित कोई जानकारी उपलब्ध नहीं है। हमारे प्यारे प्रधानमंत्री की मृत्यु हो गई और दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के पास कोई जानकारी और दस्तावेज नहीं हैं। अग्निहोत्री ने हालांकि उम्मीद जताई कि फिल्म जवाब दे सकती है। उनका मानना है कि फिल्म भारतीय राजनीति की कहानी को बदल देगी।

DOWNLOAD APP