जौनपुर। बसपा सुप्रीमा मायावती पर बीजेपी विधायक साधना सिंह द्वारा किए गए विवादित बयान को लेकर सोमवार को समाजवादी छात्रसभा के जिलाध्यक्ष अतुल सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं नें भाजपा विधायक का पुतला फूंका। मायावती पर विवादित बयान को लेकर बीएसपी और समाजवादी पार्टी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
समाजवादी छात्रसभा के जिलाध्यक्ष अतुल सिंह के नेतृत्व में तिलकधारी महाविद्यालय के मुख्यद्वार पर सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ प्रतीकात्मक पुतला फूंका और जमकर नारेबाजी की। जिलाध्यक्ष अतुल सिंह ने भाजपा विधायक साधना सिंह द्वारा बसपा की राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष मायावती के खिलाफ विवादित बयान की निंदा करते हुए कहा कि भाजपा एक दलितविरोधी विचारधारा वाली पार्टी है। सपा-बसपा गठबंधन की सुनामी से लोकसभा चुनाव में भाजपा का सफाया हो जाएगा। भाजपा के शीर्ष नेतृत्‍व अगर विधायक के खिलाफ कोई ठोस कार्यवाही नहीं करेगा तो समाजवादी छात्रसभा का एक एक कार्यकर्ता सड़क पर उतर कर इसका पुरजोर विरोध करेगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा के कथनी और करनी में अंतर है। एक तरफ उनके नेता महिला सम्‍मान की बात करते हैं और दूसरी तरफ उनके दलित विरोधी, महिला विरोधी विचारधारा के लोग महिला को अपशब्‍द कहते हैं। भाजपा के लोगों का झूठ और जुमलेबाजी का पोल खुल गया है। जनता इनके झूठ और फरेब को समझ गयी है, जनता अब उसका 2019 के लोकसभा चुनाव में जवाब देगी।
उन्होंने कहा कि यदि भाजपा शीर्ष नेतृत्व ने विधायक साधना सिंह को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त नहीं किया तो हम सभी युवा उग्र प्रदर्शन के लिए बाध्य होंगे। जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
इस मौके पर छात्रनेता अजीत यादव बाबा, संजय सोनकर गोपाल, सनी यादव बिट्टू, रुद्रेश त्रिपाठी रुद्र, शिवम, दिलीप, अभय सिंह, अमन सिंह, प्रीतम कुमार गौतम, सौरभ गुप्ता आदि उपस्थित रहे।





DOWNLOAD APP