मुंबई। बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह और सारा अली खान की फिल्म सिंबा सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। सिंबा रोहित शेट्टी स्टाइल की मसाला मूवी है। जिसे रो​हित शेट्टी ने डायरेक्ट किया है। फिल्म में अजय देवगन कैमियो रोल में नजर आएंगे।
यह है फिल्म की कहानी
फिल्म की कहानी तो वही पुरानी है कि कैसे एक भ्रष्ट पुलिस अफसर अपने साथ होने वाली ट्रैजिडी के बाद ईमानदार पुलिस अफसर में तब्दील होता और अपने पुराने पापों को धोना चाहता है। अनाथ सिंबा उर्फ संग्राम भालेराव ने बचपन में ही सीख लिया था कि पैसे कमाने के लिए पावर की जरूरत होती है। इसीलिए वह पुलिस अफसर बनता है। नाइट स्कूल में पढ़-लिखकर वह एक ऐसा पुलिस वाला बन जाता है जो बेईमानी भी पूरी ईमानदारी से करता है। ड्यूटी निभाते हुए उसका एक ही एजेंडा है कि वह जायज नाजायज तरीके से पैसे हासिल कर सके।

फिल्म में उसका ट्रांसफर गोवा कर दिया जाता है। सिंबा खुश है कि उसे इस पोस्टिंग पर खूब पैसे उगाहने को मिलेंगे। मगर वह नहीं जानता कि यहां आकर उसकी जिंदगी बदलने वाली है। यहां उसे उसकी जिंदगी का प्यार शगुन (सारा अली खान) मिलती है जो सिंबा की तरह अनाथ है। शगुन केटरिंग का काम करती है। यहां उसे आकृति जैसी मुंहबोली बहन, खुद्दार ईमानदार हेड कॉन्स्टेबल मोहिते (आशुतोष राणा), संतोष तावड़े (सिद्दार्थ जाधव) जैसे साथी मिलते हैं जो उसे परिवार के होने का अहसास करवाते हैं। इसी बीच उसका सामना वहां के जाने-माने डॉन धुर्वा रानाडे (सोनू सूद) से होता है, जो है तो एक फैमिली मैन, मगर सभी तरह के अवैध धंधे करता है। बहरहाल सिंबा को उससे कोई समस्या नहीं क्योंकि वह सिंबा का मुंह पैसों से बंदकर देता है। फिर एक दिन धुर्वा के दो बदमाश भाई सिंबा की मुंहबोली बहन आकृति का न केवल निर्ममता से दुष्कर्म करते हैं बल्कि उसे जान से मार देते हैं। आकृति उनकी काली करतूतों की गवाह जो बन चुकी थी।
बस उसी के बाद करप्ट पुलिस सिंबा का ट्रांसफॉर्मेशन होता है। वह न केवल आकृति के हत्यारों को सजा दिलाने का फैसला करता है, बल्कि ईमानदारी के रास्ते पर चलने की कसम खाता है। कहानी में डीसीपी बाजीराव सिंघम की नाटकीय एंट्री जैसे कई टर्न्स और ट्विस्ट आते हैं। क्या सिंबा बदला ले पाएगा और क्या वह सच्चाई की राह अपना पाएगा? ये जानने के लिए आपको फिल्म देखनी होगी।
बताते चले कि फिल्म सिम्बा यूं तो सिंघम की स्पिन ऑफ है। मगर यह तेलुगू फिल्म टेंपर की आधिकारिक हिंदी रीमेक है। रोहित ने इसे मसालेदार बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। रणवीर सिंह को फिल्म की जान कह सकते हैं। उन्होंने सिंबा मराठी एक्सेंट वाले फनी अंदाज को जिया है। धुर्वा रानाडे की भूमिका को सोनू सूद ने बहुत ही कमाल अंदाज में निभाया है।
फिल्म के गाने
फिल्म के गाने भी दर्शकों को काफी पसंद आ रहे है। फिल्म के दो गाने आंख मारे, तेरे बिन और आला रे आला गाने खूब पसंद किए जा रहे हैं।

DOWNLOAD APP