जौनपुर। रजनी सिंह जिला कार्यक्रम समन्वयक महिला समाख्या ने बताया कि महिला समाख्या जौनपुर द्वारा 25 नवम्बर से 9 दिसम्बर तक जनपद के छः विकास खण्डों में 350 ग्राम पंचायतों में अन्तर्राष्ट्रीय घरेलू हिंसा विरोध दिवस पखवारा एवं नारी सशक्तिकरण संकल्प अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के माध्यम से जनमानस को जागरूक करने के उद्देश्य से घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम 2005, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006, बेटियों का सम्पत्ति में अधिकार 5 सितम्बर 2005 पर विशेष रूप से जानकारी दी जा रही है। महिला समाख्या महिला एवं बाल विकास विभाग के तरफ से पूरे जनपद में महिलाओं के खिलाफ होने वाली हिंसा को रोकने एवं किशोर किशोरियों के सम्पूर्ण विकास हेतु महिला एवं बाल अधिकार मंच का गठन जनपद के 745 ग्राम पंचायतों में किया जा चुका है।
जनपद के 70 उच्च माध्यमिक विद्यालय में किशोर-किशोरियों में समानता एवं सर्वांगीण विकास हेतु गठित 20 साथी मंचों के माध्यम से पोस्टर प्रतियोगिता, नाटक, गीत, स्लोगन इत्यादि प्रतियोगिताएं की जायेंगी एवं 10 विकास खण्ड के इण्टर कालेज में एक दिवसीय जेण्डर कार्यशाला आयोजित की जायेगी जिसमें समाज में हिंसा को मिटाने का संकल्प भी किया जायेगा।
इसी क्रम में महिला समाख्या द्वारा संचालित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय मछलीशहर की छात्राओं ने नारी सशक्तिकरण अभियान, घरेलू हिंसा पखवारा के तहत हिंसा को जड़ से मिटाने का संकल्प लिया गया।