जौनपुर। जिले के शाहगंज और मुंगराबादशाहपुर में पटाखा जलाते समय चार लोग झुलस गए। वहीं मछलीशहर में चूल्हे की आग में पटाखा से एक बालक गंभीर रूप से झुलस गया। घायलों को चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
मछलीशहर में चूल्हे की आग में पटाखा जलाते समय अचानक कई पटाखे एक साथ जलने से सिकरारा थाना क्षेत्र के शेखपुर गाँव निवासी नंद लाल यादव का छ: वर्षीय पुत्र मोकल झुलस गया। वह दीपावली की रात घर के बाहर बच्चों के साथ फुलझड़ी जला रहा था। इसी दौरान उसे किसी ने कुछ पटाखा दे दिया। उन पटाखों को वह लेकर घर के चूल्हे में जल रही आग में डाल दिया। जिसे वहां खड़ा बालक झुलस गया। परिजन उसे लेकर मछलीशहर सीएचसी लेकर आए। जहां हालत गंभीर देखते हुए डाक्टरों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।

उधर मुंगराबादशाहपुर क्षेत्र के गोलामंडी में दीपावली के दिन पटाखा जलाते समय अंकित जायसवाल (18) की हाथ में गंभीर चोटें आई। वह घर के बाहर पटाखे जला रहा था। अचानक उसके हाथ में पटाखा फूट गया जिससे उसके दाहिने हथेली में गंभीर चोट आई। वही टिकरा निवासी अनिल चौहान (11) व हंसराजपुर निवासी मुस्कान (9) का पटाखा जलाते वक्त चेहरा बुरी तरह झुलस गया। घायलों को प्राथमिक स्वास्थ केंद्र में भर्ती कराया गया जहां डाक्टरों ने इलाहाबाद रेफर कर दिया।
वहीं शाहगंज में पटाखा जलाते समय उसकी चपेट में आकर आजमगढ़ जनपद के पवई क्षेत्र के भदसार गांव निवासी प्रवेश कुमार यादव (22) पुत्र मिठाईलाल गुरुवार की रात झुलस गया। वह आतिशबाजी कर रहा था।