जौनपुर। पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर संयुक्त संघर्ष संचालन समिति द्वारा चलाये जा रहे आन्दोलन के तीसरे चरण में रविवार को जनपद में पहुंची चेतना रथ यात्रा का प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अमित सिंह के नेतृत्व में स्वागत किया गया।
चेतना रथ यात्रा का नेतृत्व कर रहे एस4 के प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय अध्यक्ष सुशील पाण्डेय, पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रान्तीय अध्यक्ष योगेश त्यागी का जिले में जोरदार स्वागत किया गया। इसके उपरांत रथयात्रा विभिन्न शिक्षक कर्मचारी संगठन की अगुवाई में टीडी इंटर कालेज पहुंचा। जहाँ स्व. ठाकुर तिलकधारी सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद मार्कंडेय सिंह सभागार में विशाल सभा के रूप में परिवर्तित हो गई।

शिक्षक कर्मचारियों को संबोधित करते हुए संघर्ष समिति के संयोजक प्रान्तीय अध्यक्ष सुशील पाण्डेय ने कहा कि पुरानी पेंशन के लिए नौजवान, शिक्षक, कर्मचारी एकजुट हो जाए जिससे 2019 के चुनाव से पूर्व सरकार को पुरानी पेंशन बहाली के लिए मजबूर किया जायेगा। उन्होंने कहा कि इतिहास रहा है कि सरकार से टकराने पर ही उपलब्धि हासिल की है। एआईपीटीएफ के सचिव संजय मिश्रा ने कहा कि पुरानी पेंशन शिक्षक कर्मचारियों का अधिकार है। इसके लिए हमारी लडाई सरकार से आरपार की होगी।
एस 4 के संयोजक और पूर्व माध्यमिक संघ के अध्यक्ष योगेश त्यागी ने कहा कि अप्रैल 2005 के बाद एनपीएस लागू होने से सभी अधिकारी कर्मचारी एक तरफ जहाँ इस दोषपूर्ण व्यवस्था के कारण मानसिक उत्पीड़न झेल रहे हैं। एक भयावह भविष्य को लेकर चिंतित है।

एस 4 के संयुक्त संयोजक विनय सिंह ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली तक एस 4 अपनी लड़ाई जारी रखेगा। इसी क्रम में 20 दिसंबर को ईको गार्डेन पार्क में पुरानी पेंशन बहाली को लेकर महारैली शिक्षक कर्मचारी अपनी ताकत दिखाएँगे। सभा को एस 4 प्रांतीय नेतृत्व से आये कर्मचारी संघ के महामंत्री आरके निगम, प्राथमिक शिक्षक संघ के महामंत्री उमाशंकर सिंह, मृतक आश्रित के प्रान्तीय अध्यक्ष जुबैर अहमद, महामंत्री विनोद यादव, माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रान्तीय उपाध्यक्ष रमेश सिंह ने सम्बोधित किया।
इस अवसर पर जिला मंत्री संजय सिंह, उपाध्यक्ष राजेश सिंह, उमेश यादव, संयुक्त मंत्री शैलेन्द्र सिंह, संगठन मंत्री अश्वनी सिंह, संगठन मंत्री संतोष बघेल, राम सिंह राव, महिला मोर्चा के अध्यक्ष अर्चना सिंह, अतुल यादव, संतोष सिंह, सतीश पाठक, सतीश सिंह, हेमंत सिंह, रोहित यादव, मृत्युंजय सिंह, अनुज सिंह, अतुल सिंह, नीतिश सिंह, मनीष सिंह, अखिलेश सिंह आदि उपस्थित रहे।