जौनपुर। जिले में कई स्थानों पर हुए हादसे में समाचार पत्र वितरक समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों को स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं नीजि अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
नेवढ़िया क्षेत्र के जयसिंहपुर बाजार में जमालापुर- बाबतपुर मार्ग पर बाइक की चपेट में आने से सायकिल सवार शेखूपुर निवासी मन्ना गौतम 40 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए। वह रविवार रात साइकिल से जयसिंहपुर बाजार से अपने घर वापस आ रहे। तभी अचानक पीछे से बाइक ने उन्हें धक्का ‌मारकर घायल कर दिया। स्थानीय लोगों ने उपचार के लिए एक निजी अस्पताल पहुंचाया जहां से परिजनों को सूचित किया गया। उन्हें डाक्टरों ने रेफर कर दिया। जहां उन्हें भदोही के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सुजानगंज थाना क्षेत्र के सराय भोगी बाजार के पास बाइक सवार ऊदल यादव (३५) निवासी खेमपुर बाजार से अपने घर की तरफ जा रहे थे तभी विपरीत दिशा से आ रही बोलेरो की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सहायता से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुजानगंज लाया गया जहाँ पर प्राथमिक उपचार के उपरांत स्थिति को गंभीर देखते हुए जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। उधर खेतासराय के डोभी वार्ड निवासी समाचार पत्र विक्रेता परविन्द यादव साइकिल से सोमवार की सुबह अखबार बांटने खेतासराय से मनेच्छा बाजार जा रहे थे। जहां विपरीत दिशा से आ रही बाइक की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी साइकिल क्षतिग्रस्त हो गई। उन्हें पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।